केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने देश में सत्ता परिवर्तन के लिए आह्वान करने वाली विपक्षी पार्टियों और नेताओं पर निशाना साधते हुए पलटवार किया है. उन्होंने पड़ोसी देश बांग्लादेश में हुए सत्ता परिवर्तन और हिंसक घटनाओं के साथ फ्रांस में जारी दंगों का हवाला देते हुए कहा कि भारत के लिए बांग्लादेश-फ्रांस जैसी हिंसक साजिशें रची गई थी, लेकिन भारत, न तो बांग्लादेश है और न ही फ्रांस.
उन्होंने रविवार (18 अक्टूबर, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विपक्षी दलों के नेताओं का वीडियो क्लिप साझा करते हुए एक पोस्ट शेयर किया. पोस्ट के कैप्शन में किरेन रिजिजू ने कहा, ‘भारत-विरोधी गिरोहों और कुछ राजनेताओं ने मिलकर युवाओं को भड़काने और हमारी सड़कों पर हिंसा फैलाने की योजना बनाई थी, लेकिन इस खतरनाक साजिश को रचने वाले ये भूल गए कि भारत, न तो बांग्लादेश है और न ही फ्रांस.’
भारत में कैसे संभव है सत्ता परिवर्तन? रिजिजू ने बताया
इस दौरान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने X पोस्ट के जरिए जॉर्ज सोरोस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘भारत में सत्ता परिवर्तन बिल्कुल हो सकता है, लेकिन वह सत्ता परिवर्तन सिर्फ और सिर्फ चुनावों के जरिए हो सकता है, सोरोस के जरिए नहीं.’
बांग्लादेश में हुई हिंसक घटना और फ्रांस में जो दंगे, आगजनी और लूटपाट हुईं, ठीक वैसी ही साजिश भारत के लिए भी रची गई थी। भारत-विरोधी गिरोहों और कुछ राजनेताओं ने मिलकर युवाओं को भड़काने और हमारी सड़कों पर हिंसा फैलाने की योजना बनाई थी। लेकिन इस खतरनाक साजिश रचने वाले भूल गए कि भारत न तो बांग्लादेश हैं और न ही फ्रांस। भारत में सत्ता परिवर्तन बिल्कुल हो सकता है – लेकिन केवल चुनावों के जरिए, सोरोस के जरिए नहीं।
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) October 18, 2026
वीडियो पोस्ट में दिखाई हिंसा की तस्वीरें और विपक्ष के बयान
अपने वीडियो पोस्ट में किरेन रिजिजू ने बांग्लादेश की संसद में हमला, वहां हुई हिंसक घटनाओं, नेपाल में हुई हिंसा और श्रीलंका में हुए प्रदर्शनों और घटनाओं के साथ वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण का क्लिप, नेहा बोरा और राहुल गांधी का वीडियो क्लिप शेयर किया. इस वीडियो में प्रशांत भूषण कह रहे हैं, ‘हां, हम हमलोग चाहते हैं कि रिजीम चेंज हो.’ वहीं, AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष और सीपीआई-ML की समर्थक नेहा बोरा ने कहा, ‘यह सबसे पहले बांग्लादेश में शुरू हुआ और हमें यह रास्ता दिखाने के लिए आपका बहुत धन्यवाद.’
जबकि वीडियो क्लिप में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का एक समर्थक यह कहता सुनाई दे रहा है, ‘संसद भवन उखाड़ दिया जाएगा’ और लोकसभा में नेता विपक्ष (LoP) राहुल गांधी ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और मोहन भागवत को कड़ी से कड़ी सजा मिलने जा रही है.’
उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया, ‘विपक्ष भारत को बांग्लादेश बनाना चाहता है, तो वह सपने देखते रहे.’
यह भी पढ़ेंः रिजीम चेंज वाले बयान पर शिवराज का विपक्ष पर पलटवार- ‘कल बताऊंगा कि…’
