Headlines

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: CM फडणवीस पर भड़की कांग्रेस, सपकाल बोले- ‘ये इतिहास के सबसे…’


फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मुख्यमंत्री और राज्य के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि अगर मुंबई जैसे शहर में खुलेआम किसी अभिनेता पर गोलीबारी होती है, तो क्या पुलिस प्रशासन सो रहा है? 

सपकाल ने कहा कि बताया जा रहा है कि इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है, लेकिन यह गैंगस्टर गुजरात की जेल में बंद है. अगर वह जेल से ही आपराधिक गतिविधियां चला रहा है, तो यह सरकार के आशीर्वाद के बिना संभव नहीं है. उन्होंने ये भी कहा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को खोखली बयानबाजी करने के बजाय बिश्नोई को गिरफ्तार कर मुंबई लाने, उससे पूछताछ करने और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का साहस दिखाना चाहिए.

‘मुंबई पुलिस का दबदबा इतिहास बन चुका’

राज्य की कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने आगे कहा, “मुंबई पुलिस का दबदबा और उसकी प्रतिष्ठा अब इतिहास बन चुकी है. पुलिस की लाठी और सख्ती सिर्फ विपक्षी नेताओं और छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करने तक सीमित रह गई है. अपराधियों पर उसका कोई नियंत्रण नहीं रह गया है. सिर्फ मुंबई ही नहीं, बल्कि पुणे, ठाणे और नागपुर में भी खुलेआम अपराध हो रहे हैं. लेकिन मुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस कुछ नहीं कर पा रहे हैं. वे महाराष्ट्र के इतिहास के सबसे निष्क्रिय गृहमंत्री हैं.”

‘पुलिस के हाथ किसने बांध रखे’

उन्होंने कहा, “पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई, अभिनेता सलमान खान के घर पर हमला हुआ और फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर भी हमला किया गया. इन सभी घटनाओं में बिश्नोई गैंग का हाथ होने की बात कही गई. फिर अब तक इस माफिया से पूछताछ क्यों नहीं की गई? महाराष्ट्र पुलिस के हाथ किसने बांध रखे हैं?”

‘जनता कई बार सुन चुकी ऐसी धमकी’

महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस कहते हैं कि बिश्नोई के आका के खिलाफ कार्रवाई करेंगे, लेकिन जनता इस तरह की खोखली धमकियां पहले भी कई बार सुन चुकी है. बिश्नोई अहमदाबाद की जेल से गैंग चला रहा है और उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है. आखिर यह क्या है?

ये भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ पर हुआ अटैक तो सरकार पर भड़के संजय राउत, ’90 के दशक का गैंगवार…’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *