Headlines

‘जो लोग आतंकवादियों…’, SCO में इशाक डार के मुंह पर राजनाथ ने उड़ाई PAK की धज्जियां


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ताजिकिस्तान के दुशान्बे में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की ‘काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ गवर्नमेंट’ की बैठक में मंगलवार (20 अक्टूबर 2026) को कहा कि आतंकवाद को किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता और इसे लेकर दोहरे मापदंड नहीं होने चाहिए. राजनाथ सिंह ने आतंकवाद को विकास के लिए सबसे गंभीर खतरों में से एक बताया और कहा कि इससे न केवल लोगों की जान को नुकसान पहुंचता है, बल्कि निवेश और व्यापार पर भी बुरा असर पड़ता है.

पाकिस्तान के विदेश मंत्री और उप-प्रधानमंत्री इशाक डार की मौजूदगी में उन्होंने कहा, “आतंकवाद समाजों को कट्टर बनाता है और हमारे युवाओं को उन अवसरों से वंचित रखता है, जिनके वे हकदार हैं.” इसलिए आतंकवाद को किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता. उन्होंने कहा कि इससे निपटने में कोई दोहरा मापदंड नहीं हो सकता, जो लोग आतंकवादियों को आर्थिक मदद देते हैं, उनका समर्थन करते हैं या उन्हें सुरक्षित पनाहगाह मुहैया कराते हैं, उनके लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए. 

इशाक डार के मुंह पर राजनाथ सिंह ने क्या कहा 
जब राजनाथ सिंह ने ये बयान दिया तो इशाक डार उनके ठीक सामने बैठे थे. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इस बैठक का एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें सिंह और डार को एक ही मेज पर बैठे देखा जा सकता है. राजनाथ सिंह ताजिकिस्तान की राजधानी में हो रही SCO (शंघाई सहयोग संगठन) की ‘हेड्स ऑफ गवर्नमेंट’ बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. इस क्षेत्रीय समूह की बैठक में सदस्य देशों के नेता और प्रतिनिधि भी शामिल हुए हैं.

‘आतंकवाद के पूरे इकोसिस्टम को खत्म करने की जरूरत’
इससे पहले सितंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि SCO सदस्य देशों को मिलकर आतंकवाद के पूरे इकोसिस्टम को खत्म करने की जरूरत है. प्रधानमंत्री मोदी ने SCO की एक बैठक में कहा, “हमें आतंकवाद की फंडिंग, लोगों की भर्ती, कट्टरपंथ और सुरक्षित पनाहगाहों वाले पूरे इकोसिस्टम को नष्ट करना होगा.” इस बैठक में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के व्लादिमीर पुतिन, ईरान के मसूद पेजेशकियान और अन्य नेता शामिल थे.

टेररिज्म को टूरिज्म मानता है पाकिस्तान- पीएम मोदी 
भारत ने पाकिस्तान की सरकार और सेना पर आतंकवाद को समर्थन देने और उसे पनाह देने का आरोप लगाया है. अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी, उसके दो हफ्ते बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ किया. इस ऑपरेशन और उसके बाद हुए सैन्य संघर्ष में पाकिस्तान को भारी सैन्य नुकसान उठाना पड़ा. लड़ाई रुकने की घोषणा के कुछ दिनों बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था, “जहां भारत टूरिज्म को बढ़ावा देता है, वहीं पाकिस्तान आतंकवाद को ही पर्यटन मानता है, जो दुनिया के लिए बहुत खतरनाक है.”

ये भी पढ़ें

‘बांग्लादेश की तरह भारत में भी कोशिश’, रिजीम चेंज को लेकर क्या बोले मोहन भागवत



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *