Headlines

चुनाव हारने के बाद भी झुकने को तैयार नहीं ट्रंप, डेमोक्रेट्स से दो-दो हाथ की तैयारी


अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन 2026 में डेमोक्रेट्स की भारी जीत को लेकर ट्रंप प्रशासन ने सुलह का रास्ता अपनाने के बजाय राष्ट्रपति की विरासत का बेहद आक्रामक बचाव किया है और विपक्ष के बहुमत को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. व्हाइट हाउस ने 13-सूत्रीय घोषणापत्र जारी किया, जिसमें राजनीतिक विरोधियों, मीडिया आलोचकों और घबराहट फैलाने वालों को निशाना बनाया गया है. 

व्हाइट हाउस ने दावा किया कि ट्रंप प्रशासन के राजनीतिक अंत की भविष्यवाणियां एक बार फिर गलत साबित होंगी. व्हाइट हाउस के एक बयान में कहा गया, “हर बार जब कट्टर वामपंथियों, फेक न्यूज फैलाने वालों और हमेशा घबराहट का माहौल बनाने वाले लोगों ने राष्ट्रपति ट्रंप के राजनीतिक अंत की घोषणा की है, तो वे गलत साबित हुए हैं. वे इस बार भी गलत ही साबित होंगे.” 

डेमोक्रेट्स पर साधा निशाना
ये आक्रामक बयान ऐसे समय में आया है, जब कैपिटल हिल में सत्ता परिवर्तन की तैयारी चल रही है. प्रशासन के कार्यकारी कदमों और आने वाले डेमोक्रेटिक एजेंडे के बीच स्पष्ट अंतर बताते हुए व्हाइट हाउस ने कहा कि ट्रंप के कार्यकाल के आखिरी 2 वर्षों में लागू की गई प्रमुख नीतियों को खत्म करने की विपक्ष की कोशिशें नाकाम ही रहेंगी.

बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकाल के आखिरी 2 वर्षों में डेमोक्रेट्स उनके द्वारा किए गए सभी कामों को पलटने की कोशिश करेंगे, लेकिन वे इसमें असफल रहेंगे. इसमें उन रूढ़िवादी उपलब्धियों की एक लिस्ट दी गई है, जिनकी रक्षा करने का प्रशासन ने संकल्प लिया है. ट्रंप प्रशासन ने उन क्षेत्रों की एक लंबी सूची भी बताई है जहां टकराव की आशंका है. 

इसमें चेतावनी दी गई है कि डेमोक्रेट्स सुरक्षित की गई सीमाओं को फिर से खोलने, रिकॉर्ड आर्थिक विकास के बाद टैक्स बढ़ाने, कानून प्रवर्तन को कमजोर करने और बड़े पैमाने पर अवैध प्रवासियों को देश से बाहर निकाले जाने के बाद फिर से देश को अवैध प्रवासियों से भर देने की कोशिश करेंगे. 

क्या-क्या करेंगे डेमोक्रेट्स 
बयान में दावा किया गया कि डेमोक्रेट्स ग्रीन न्यू डील को फिर से लाने, नाबालिगों के लिए ट्रांसजेंडर सर्जरी बहाल करने, समानता और समावेश (DEI) कार्यक्रमों को फिर से शुरू करने, सेंसरशिप की व्यवस्था को दोबारा लागू करने के अलावा अवैध प्रवासियों को बचाने और सुप्रीम कोर्ट में अपने मनपसंद लोगों को भरने का ढोंग’ रचने की कोशिश करेंगे.

व्हाइट हाउस ने मिडटर्म इलेक्शन के नतीजों को ‘व्हाइट हाउस के खिलाफ जनादेश’ मानने के बजाय एक ‘अस्थायी राजनीतिक बाधा’ करार दिया है. साथ ही यह भी कहा कि मतदाता असल में प्रशासन के बुनियादी कामकाज का समर्थन करते हैं. व्हाइट हाउस ने कहा, “ये कोशिशें नाकाम रहेंगी. अमेरिकी जनता पहले ही इस एजेंडे को खारिज कर चुकी है.” 

व्हाइट हाउस ने अपने बयान में राजनीतिक रूप से डटे रहने का संकेत देते हुए बताया कि प्रशासन आने वाले 2 सालों में कड़े संघर्षों के लिए तैयार है और राष्ट्रपति ट्रंप कभी लड़ना नहीं छोड़ेंगे.

ये भी पढ़ें

ट्रंप हार गए, उनका साथ छोड़ देंगे? मार्को रुबियो ने दिया जवाब, बोले- ‘सच कहूं तो…’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *