राजस्थान के कोटा में सरकारी स्कूलों के बच्चों के पोषाहार का अनाज बाजार में बेचने का मामला अब सियासी विवाद में बदल गया है. गुजरात की एक फर्म पर 650.50 टन गेहूं और चावल का गबन कर करीब दो करोड़ रुपए से ज्यादा का अनाज खुले बाजार में बेचने के आरोप के बाद कांग्रेस ने भजनलाल सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. इस मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सरकार पर तीखे हमले किए हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज में गुजरात की कंपनियों के लिए राजस्थान लूट का बाजार बन गया है. बच्चों के हिस्से का अनाज तक सुरक्षित नहीं है. वहीं कांग्रेस पार्टी के दूसरे नेताओं ने भी इस पूरे मामले को भाजपा का गुजरात मॉडल बताते हुए मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आखिर किसके संरक्षण में गरीब बच्चों के हक का अनाज बाजार में बेचा गया. कांग्रेस पार्टी ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की मांग उठाई.
कोटा की डेयरी में लगी भीषण आग, अंदर फंसे कर्मचारी की जिंदा जलकर मौत
कांग्रेस ने सरकार पर खड़े किए गंभीर सवाल
कांग्रेस नेताओं ने भी इस मामले को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने बच्चों के पोषाहार में गड़बड़ी को बेहद गंभीर मामला बताते हुए सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाए.
मंत्री हीरालाल नागर ने मामले जाहिर की अनभिज्ञता
इधर, कोटा जिले से आने वाले सरकार के मंत्री हीरालाल नागर ने मामले को लेकर अनभिज्ञता जाहिर की है. नागर का कहना है कि उन्हें फिलहाल इस प्रकरण की जानकारी नहीं है. मामले की जानकारी मिलने के बाद ही वे इस पर कुछ कह सकेंगे.
राजस्थान बीजेपी के प्रवक्ता नरेंद्र कटारा ने भी कहा है कि राज्य की भजन लाल शर्मा सरकार करप्शन को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. अगर किसी ने गड़बड़ी की है तो उसे सजा जरूर मिलेगी. उनके मुताबिक कांग्रेस को ऐसे मामले में राजनीति नहीं करनी चाहिए.
रसद विभाग ने गुजरात की कंपनी के खिलाफ दर्ज कराया केस
गौरतलब है कि कोटा जिला कलेक्टर की जांच रिपोर्ट के बाद रसद विभाग ने गुजरात के हिम्मतनगर स्थित मैसर्स भैरवनाथ रोडवेज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. साथ ही फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. अब इस मामले ने प्रशासनिक कार्रवाई के साथ राजनीतिक विवाद का रूप ले लिया है.
श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में पाकिस्तान कनेक्शन, पंजाब से 2 आरोपी गिरफ्तार
