Headlines

काशी का नया स्टेडियम, 25 मिनट में सूख जाएगा पूरा मैदान; भगवान शिव की थीम पर तैयार


भगवान शिव की नगरी वाराणसी के गंजारी में नया अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तैयार किया गया है. मैदान की थीम भगवान शिव पर रखी गई है. इस मैदान की तमाम खासियत हैं, जिसमें बारिश के बाद जल्दी पानी निकल जाना सबसे खास है. भारत में बहुत कम ऐसे मैदान है, जहां बारिश के बाद जल्दी मैच शुरू होता हो. ज्यादातर मैदानों पर बारिश रुकने के बाद मैच शुरू होने के लिए करीब 1 घंटे से ज्यादा का वक्त लग जाता है, लेकिन बारिश के बाद वाराणसी का स्टेडियम दोबारा मैच के लिए 20 से 25 मिनट में तैयार हो सकता है. 

कथित तौर पर 100 मिलीमीटर तक की बारिश का पानी सिर्फ 25 मिनट के अंदर निकलाकर मैदान को दोबारा खेल के लिए तैयार किया जा सकेगा. ऐसे में यह मैदान खिलाड़ियों और दर्शकों का पसंदीदा बन सकता है. 

मैदान तैयार करने की लागत

स्टेडियम को तैयार करने के लिए कथित तौर पर 450 करोड़ रुपये की लागत लगी है, जिसमें 120 करोड़ भूमि अधिग्रहण पर खर्च हुआ है. यहां दर्शकों के लिए 30,000 से ज्यादा सीटें हैं. 

भगवान शिव की थीम पर बना स्टेडियम

मैदान का आर्किटेक्चर भगवान शिव से प्रेरित है. इसमें काशी से जुड़ी कई चीजें शामिल की गई हैं. यहां छह त्रिशूल के आकार के फ्लडलाइट टावर, मैदान पर 9 पिच, खिलाड़ियों के लिए जिम और दोनों टीमों के लिए अलग-अलग जकूजी (हाइड्रोथेरेपी वाला वर्लपूल बाथटब) भी हैं. फ्लडलाइट का हर टावर 65 मीटर ऊंचा है, जिसमें इस पर 95 लाइटें लगी हैं. हर लाइट की क्षमता 1.5 किलोवाट है. हर तरफ की 65 मीटर की बाउंड्री है. एक अलग अभ्यास मैदान में पांच पिच हैं. 

स्टेडियम में डमरू का डिजाइन

छत पर अर्धचंद्राकार डिजाइन बने हैं. बैठने के लिए सीढ़ियों की प्रेरणा शहर के घाटों से ली गई है. बाहरी हिस्से में बेलपत्र के आकार की धातु की चादरें लगाई गई हैं. स्टेडियम के मुख्य ढांचे में डमरू के आकार का एक डिजाइन भी है. डमरू के डिजाइन में मीडिया सेंटर बनाया गया है. 

स्टेडियम की बाकी सुविधाएं 

कथित तौर पर स्टेडियम में बिजली की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक समर्पित पावर सबस्टेशन और एक स्वचालित जनरेटर भी है. 

स्टेडियम में दर्शकों और VIP के लिए 6 एंट्री गेट हैं, जबकि खिलाड़ियों के लिए अलग एंट्री गेट हैं. दर्शकों के लिए मेन एंट्री गेट रिंग रोड की तरफ से है. 

इस स्टेडियम की पहली मंजिल पर 17 और दूसरी मंजिल पर 15 कॉर्पोरेट बॉक्स हैं. दूसरी मंजिल पर खिलाड़ियों के लिए दो जिम भी बनाए गए हैं. 

फिलहाल 1500 गाड़ियों के लिए पार्किंग मौजूद है, जिसे बढ़ाकर 2,500 तक किया जा सकता है.

कब होगा स्टेडियम का उद्घाटन?

स्टेडियम में फिनिशिंग का काम जारी है. पूरे परिसर में CCTV निगरानी रहेगी. BCCI और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के अधिकारी स्टेडियम के उद्घाटन की तारीख तय करने से पहले उसका मुआयना कर सकते हैं. लिहाजा अभी उद्घाटन के लिए आधिकारिक तारीख नहीं आई है.

 

यह भी पढ़ें: कल कितने बजे IPL टीमें जारी करेंगी रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट? जानें BCCI का नियम



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *