Headlines

16 बाउंड्री, 282 का स्ट्राइक रेट, फिर गरजा सूर्यकुमार यादव का बल्ला; वापसी का ठोका दावा


भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव इन दिनों सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी कर रहे हैं. मुंबई ने सोमवार (16 नवंबर) को टूर्नामेंट दूसरा मुकाबला गुजरात के खिलाफ खेला, जिसमें सूर्या ने जमकर कुटाई की और टीम को एकतरफा जीत दिला दी. चेज करते हुए सूर्यकुमार ने 29 गेंद में 9 चौके और 7 छक्कों (16 बाउंड्री) की मदद से 82 रन बनाए. उनका स्ट्राइक रेट 282.76 का रहा. इस पारी की बदौलत मुंबई ने 16 ओवर से पहले 200 से ज्यादा रन बनाकर जीत अपने खाते में डाल ली. 

सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. टूर्नामेंट का फाइनल 08 मार्च 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ था. यही सूर्या का अब तक टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच है. टीम मैनेजमेंट ने विश्व कप विजेता कप्तान से न सिर्फ कमान छीनी, बल्कि टीम से बाहर कर दिया. लेकिन इस पारी से सूर्या ने जाहिर तौर पर टीम इंडिया में वापसी का दावा ठोक दिया है. इससे पहले हैदराबाद के खिलाफ पहले मैच में पूर्व भारतीय कप्तान ने मुंबई के लिए 60* रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी. 

फिलहाल श्रेयस अय्यर भारत के नियमित टी20 कप्तान हैं. लेकिन सूर्या ने मुश्ताक अली में अपनी दोनों पारियों से एक बात तो साफ कर दी है कि भले ही उन्हें कप्तानी न दी जाए, लेकिन बल्लेबाज के रूप में वह भारत की टी20 टीम में जगह के हकदार हैं. 

मुंबई ने एकतरफा जीता मैच 

मैच में गुजरात की टीम पहले बैटिंग करने के बाद 19.2 ओवर में 197 रन पर ऑलआउट हो गई. आशुतोष शर्मा ने 1 चौका और 5 छक्के लगाकर 22 गेंद में 42 रन की सबसे बड़ी पारी खेली. इस दौरान मुंबई के लिए शार्दुल ठाकुर और अथर्व अंकोलेकर ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए. 

चेज के लिए उतरी मुंबई ने 15.4 ओवर में 5 विकेट पर 201 रन बनाकर जीत हासिल कर ली. सूर्या ने 82 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली. सरफराज खान ने 17 गेंद में नाबाद 40 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. इस तरह मुंबई ने 4.2 ओवर पहले 5 विकेट से जीत दर्ज कर ली. 

 

यह भी पढ़ें: काशी का नया स्टेडियम, 25 मिनट में सूख जाएगा पूरा मैदान; भगवान शिव की थीम पर तैयार



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *