Headlines

मां बनने के दो साल बाद टीवी पर लौट रहीं श्रद्धा आर्या, बोलीं- ‘अब काम की अहमियत ज्यादा समझती हूं’


टीवी एक्ट्रेस श्रद्धा आर्या एक बार फिर छोटे पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं. वो जल्द ही एकता कपूर के नए फैमिली ड्रामा ‘दिल की बेवफाइयां’ में नजर आएंगी. इस शो में उनकी जोड़ी गौरव खन्ना के साथ देखने को मिलेगी. ये पहली बार है, जब दोनों एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगे.

शो के प्रोमो सामने आने के बाद से ही फैंस दोनों को साथ देखने के लिए उत्साहित हैं. शो में श्रद्धा जानकी और गौरव मानव का किरदार निभा रहे हैं. दोनों की शादी को 20 साल हो चुके हैं और उन्होंने मिलकर एक खूबसूरत जिंदगी बनाई है. हालांकि, मानव के मन में अब भी एक अधूरी ख्वाहिश बाकी है.

दो साल बाद काम पर लौटकर खुश हैं श्रद्धा आर्या

मां बनने के बाद श्रद्धा आर्या ने अपने बच्चों के साथ समय बिताने के लिए दो साल का ब्रेक लिया था. अब काम पर वापसी को लेकर एक्ट्रेस काफी खुश हैं.

अपने नए किरदार और वापसी के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘सबसे पहले तो काम पर वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है. पहले के मुकाबले अब मुझे काम की कहीं ज्यादा कद्र है. बच्चों के जन्म के बाद मैंने दो साल का ब्रेक लिया, ताकि उनके साथ घर पर रह सकूं. इतने समय बाद कोई किरदार निभाने का मौका मिला है, इसलिए जानकी मेरे लिए और भी खास है. वो बहुत प्यारी और मीठी है. चीजों को समझती है और सोच-समझकर फैसले लेती है. वो मुझे एकदम असली लगती है.’

जानकी के किरदार में क्या पसंद आया?

श्रद्धा ने बताया कि उन्हें जानकी के किरदार की सबसे अच्छी बात उसकी सादगी और साफ नीयत लगी. उनके मुताबिक, जानकी से भी गलतियां होती हैं और वो हमेशा सही फैसले नहीं लेती. इस बारे में एक्ट्रेस ने कहा, ‘जानकी से भी गलतियां होती हैं. जरूरी नहीं कि वो हर बार सही हो या हर काम बिल्कुल ठीक करे. आखिर वो भी इंसान है! लेकिन वो जो भी करती है, उसकी नीयत साफ होती है.’

उन्होंने आगे कहा, ‘जानकी का किरदार लिखते वक्त इस छोटी-सी बात का ख्याल रखा गया है. मुझे बहुत खुशी है कि मैं किसी ऐसी औरत का किरदार निभा रही हूं, जो असल जिंदगी में भी मिल सकती है. कभी-कभी आप किसी से मिलते हैं और कहते हैं ना, यार, इसकी वाइब बहुत अच्छी है.’

गौरव खन्ना के साथ पहली बार बनी जोड़ी

‘दिल की बेवफाइयां’ में श्रद्धा आर्या पहली बार गौरव खन्ना के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी. दोनों की जोड़ी को लेकर फैंस भी काफी उत्साहित हैं. गौरव के साथ काम करने के अनुभव पर श्रद्धा ने कहा, ‘लोग मुझे और गौरव को साथ देखकर बहुत खुश हैं. मैंने पहले कभी हमारी जोड़ी के बारे में खास नहीं सोचा था, लेकिन अब लोगों की बातें सुनकर लग रहा है कि वो हमें साथ देखने के लिए सचमुच बहुत उत्साहित हैं. गौरव के साथ काम करना बहुत आसान है. वो बहुत मजाकिया हैं. बस मुझसे थोड़े कम मजाकिया हैं, लेकिन कोई बात नहीं, मैं संभाल लूंगी.’

बता दें कि ‘दिल की बेवफाइयां’ 24 नवंबर से स्टार प्लस पर रात 9 बजे टेलीकास्ट होगा. दर्शक इस शो को जियोहॉटस्टार पर भी देख सकेंगे.

नेवी ऑफिसर से की है श्रद्धा आर्या ने शादी

श्रद्धा आर्या की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने 16 नवंबर, 2021 को दिल्ली में नेवी ऑफिसर राहुल नागल के साथ शादी की थी. उनकी शादी में परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे. शादी के करीब तीन साल बाद नवंबर 2024 में श्रद्धा जुड़वां बच्चों की मां बनीं. उन्होंने एक बेटे और एक बेटी को जन्म दिया.

मां बनने के दो साल बाद टीवी पर लौट रहीं श्रद्धा आर्या, बोलीं- 'अब काम की अहमियत ज्यादा समझती हूं

एक्ट्रेस अक्सर सोशल मीडिया पर अपने बच्चों के साथ तस्वीरें और वीडियो शेयर करती रहती हैं. मां बनने के बाद उन्होंने बच्चों की परवरिश पर ध्यान देने के लिए काम से ब्रेक लिया था. अब करीब दो साल बाद वो टीवी पर वापसी कर रही हैं.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *