भारत समेत चार देशों के क्वाड को अहम मंच मानता है अमेरिका, रुबियो बोले- साथ आने से बढ़ेंगे रोजगार और अमेरिकी उत्पादों के बाजार
अमेरिका ने भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान के साथ बने क्वाड (QUAD) समूह को बेहद महत्वपूर्ण मंच बताया है. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका ने इस समूह को मजबूत बनाने में काफी समय और संसाधन लगाए हैं. चारों देश बड़ी अर्थव्यवस्थाएं हैं और मिलकर काम करने से न केवल नए रोजगार पैदा हो सकते हैं, बल्कि अमेरिकी उत्पादों के लिए बड़े बाजार भी तैयार होंगे.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत चारों देशों के नेताओं की भागीदारी का भी जिक्र किया. रुबियो ने अमेरिकी राष्ट्रपति की एशिया यात्रा, विभिन्न देशों के साथ व्यापारिक समझौतों और चीन, रूस व अमेरिका के शीर्ष नेताओं के बीच बातचीत को वैश्विक सुरक्षा के लिए जरूरी बताया.
क्वाड से व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
रुबियो ने कहा कि भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के बीच सहयोग का मंच क्वाड काफी अहम है. इन चारों देशों की अर्थव्यवस्थाएं मजबूत हैं और आपसी सहयोग से व्यापार, रोजगार तथा बाजार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं. उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति के संरक्षण और भागीदारी में अगले साल की शुरुआत में चारों देशों के प्रमुख कारोबारी समूहों का एक व्यापारिक मंच आयोजित किया जाएगा. इसमें बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे और नए व्यावसायिक समझौतों पर चर्चा करेंगे. इससे अमेरिकी कामगारों, स्थानीय समुदायों और आम लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है. इसके जरिए रोजगार बढ़ाने और कीमतें कम करने जैसे लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं.
आसियान और फिलीपींस के साथ संबंधों पर भी जोर
रुबियो ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन आसियान के साथ भी बातचीत की. अमेरिका के लिए दक्षिण-पूर्व एशिया से जुड़ने का यह प्रमुख मंच है. राष्ट्रपति लगातार दूसरे साल इस सम्मेलन में शामिल हुए. उन्होंने कहा कि इन देशों के बाजार अमेरिकी उत्पादों के लिए महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि वहां होने वाला कारोबार अमेरिका में रोजगार के अवसर पैदा करता है.
इसके बाद राष्ट्रपति ने फिलीपींस के साथ बैठक की. रुबियो के मुताबिक, अमेरिका और फिलीपींस के बीच कई वर्षों से रक्षा समझौता है और अमेरिका उसकी सुरक्षा का प्रमुख साझेदार है. ऐसे में दोनों देशों के आर्थिक और व्यापारिक संबंधों में भी इस प्रतिबद्धता की झलक दिखनी चाहिए. राष्ट्रपति ने फिलीपींस के साथ पारस्परिक व्यापार समझौते पर बातचीत की, जिसे रुबियो ने अमेरिकी कामगारों और अर्थव्यवस्था के लिए फायदेमंद बताया.
चीन, कनाडा और मैक्सिको के साथ व्यापार पर चर्चा
राष्ट्रपति ने चीन में आयोजित एपीईसी सम्मेलन में भी हिस्सा लिया. इस दौरान एशिया के अलावा पश्चिमी गोलार्ध के देशों मैक्सिको, पेरू, चिली और कनाडा के नेताओं से भी मुलाकात का अवसर मिला.
रुबियो ने बताया कि मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम के साथ द्विपक्षीय बातचीत हुई. उन्होंने कहा कि मैक्सिको अमेरिका का पड़ोसी देश है, इसलिए दोनों के बीच रक्षा और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के साथ व्यापारिक संबंध भी महत्वपूर्ण हैं. व्यापार में संतुलन और निष्पक्षता लाने की जरूरत है.
कनाडा के साथ व्यापारिक संबंधों में भी असंतुलन और अनुचित स्थितियों का मुद्दा उठाया गया. राष्ट्रपति ने कनाडा के प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात कर ऐसा अंतिम समझौता करने की दिशा में बातचीत आगे बढ़ाई, जो अमेरिकी कामगारों के हित में हो और अमेरिका के लिए निष्पक्ष रहे.
अमेरिका, रूस और चीन के बीच बातचीत को बताया जरूरी
रुबियो ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति की द्विपक्षीय और बाद में त्रिपक्षीय बातचीत का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अमेरिका, रूस और चीन के पास दुनिया के परमाणु हथियारों का सबसे बड़ा हिस्सा है. ऐसे में इन तीनों देशों के नेताओं का नियमित रूप से बातचीत करना जरूरी है. उनके मुताबिक, इन नेताओं के बीच संवाद नहीं होना न केवल अव्यावहारिक, बल्कि खतरनाक भी है.
उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण मुद्दों पर समझौते करने के लिए नेताओं के बीच सकारात्मक माहौल होना जरूरी है. जब शीर्ष नेता एक-दूसरे के साथ बेहतर संबंध रखते हैं, तो व्यापार वार्ताकारों और राजनयिकों के लिए भी बातचीत का रास्ता आसान होता है. इसका असर पूरे द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर पड़ता है.
रुबियो ने कहा कि तीनों देशों के नेताओं के बीच बेहतर तालमेल से भविष्य में रूस, चीन या तीनों देशों के बीच ठोस समझौते करने की संभावनाएं बढ़ेंगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि हालिया बातचीत ने कूटनीति और व्यापार वार्ताओं के लिए एक मजबूत आधार तैयार किया है, जिससे सबसे पहले अमेरिका और अंततः वैश्विक सुरक्षा को लाभ मिल सकता है.
यह भी पढ़िएः ‘सालों से गुमराह कर रहा ईरान’, ट्रंप भड़के, समझौते पर क्या कहा
