दिग्गज एक्टर दीपक काजिर केजरीवाल के साथ मुंबई स्थित सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) के ऑफिस में कथित तौर पर मारपीट की गई. CINTAA की आजीवन सदस्य डेजी क्लेमेंट्स ने हाल ही में बातचीत के दौरान इस घटना के बारे में बताया.
उनके मुताबिक, ये घटना गुरुवार, 26 नवंबर को हुई थी.
CINTAA पर लगा मारपीट का आरोप
बॉलीवुड क्रॉनिकल से बातचीत में डेजी क्लेमेंट्स ने बताया कि ये घटना गुरुवार (26 नवंबर) को हुई थी. उनके मुताबिक, दीपक काजिर केजरीवाल को CINTAA ऑफिस में अंदर जाने से रोक दिया गया था. इस पर उन्होंने वहां मौजूद दीपक पराशर से सवाल किया कि उन्हें किस वजह से रोका जा रहा है और इसकी वजह क्या है.
डेजी ने आगे बताया कि CINTAA के सदस्यों के साथ दीपक की बहस धीरे-धीरे बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया. उन्होंने आरोप लगाया कि अरमान ताहिल, बृजेश, राम और सपन भट्टाचार्य ने दीपक को बुरी तरह लात-घूंसों से पीटा, जिससे उन्हें चोटें भी आईं.
कैंसर से जूझ रहा एक्टर
डेजी ने आगे कहा, ‘वो इस समय ठीक नहीं हैं. उन्हें कैंसर है. CINTAA के ऑफिस में ऐसा नहीं होना चाहिए था. ये हम सभी के लिए डराने वाली बात है. अगर उनके साथ ऐसा हो सकता है, तो हमारे साथ भी हो सकता है.’
उन्होंने कहा कि CINTAA के सदस्यों को ऐसे व्यक्ति के साथ ऐसा बर्ताव नहीं करना चाहिए था, जिसकी कोई गलती ही नहीं थी.
हालांकि, डेजी ने अपने बयान में दीपक के कैंसर से पीड़ित होने की बात कही है, लेकिन न तो दीपक और न ही उनके परिवार के किसी सदस्य ने इसकी पुष्टि की है. दीपक को किस तरह का कैंसर है और बीमारी किस स्टेज में है, इस बारे में भी फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
वहीं, CINTAA ने अब तक अपने संगठन के सदस्यों पर लगे इन आरोपों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
CINTAA में चल रहा विवाद
CINTAA में अंदरूनी विवाद अगस्त में उस समय और बढ़ गया, जब कार्यकारी समिति के 11 सदस्यों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. इस्तीफा देने वाले सदस्यों में से आठ निर्वाचित सदस्य थे.
इस्तीफा देने वाले सदस्यों ने एसोसिएशन के कामकाज पर सवाल उठाए थे. उनका आरोप था कि संगठन का नेतृत्व एकतरफा फैसले ले रहा है. इसके बाद उपासना सिंह और कई सदस्यों ने पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरे पर लोकतांत्रिक तरीके से काम न करने के आरोप लगाए. हालांकि, पूनम और पद्मिनी दोनों ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है.
