उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है. दरअसल उनका एक फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें दावा किया जा रहा है कि भीम आर्मी के प्रमुख और नगीना से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद (रावण) ने अपने कॉलेज के दिनों में अपनी छात्र राजनीति की शुरुआत RSS के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से की थी.
ऐसे में चंद्रशेखर आजाद ने अब इन दावों का खंडन किया है. उन्होंने इन दावों को खारिज करते हुए कहा, “मेरे ABVP में होने के आरोप अगर सही हुए तो राजनीति छोड़ दूंगा.” उन्होंने आगे कहा, “जनता जिनको वोट दे रही है. अगर उनके मन में कोई भी शिकवा, सवाल गया तो उसका जवाब नेताओं को देना चाहिए.”
चंद्रशेखर आजाद ने आरोपों पर किया पलटवार
चंद्रशेखर आजाद ने एक इंटरव्यू में कहा, “एक पत्रकार ने टीवी डिबेट में आरोप लगाए. मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि उनके पास क्या सोर्स है जो आरोप उन्होंने लगाए और बड़ी जिम्मेदारी से लगाए. अगर उनके आरोप गलत हुए तो उनको टीवी पर आकर माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने यह जवाब क्यों दिया, किसके कहने पर दिया मैं इस पर नहीं जाना चाहता हूं.”
चंद्रशेखर ने आगे कहा, “वो डीएवी कॉलेज आज भी है और उसमें आज भी चुनाव होते हैं. किसी भी पत्रकार को इस तरह से बिना किसी सबूत के आरोप नहीं लगाने चाहिए. मेरा यह मानना है कि कोई भी बात अगर सामने आई है तो उसकी जांच होनी चाहिए. वह इसकी रिसर्च करें. वह सभी लोग जो इस तरह के बयान दे रहे हैं. वह देहरादून जाकर मेरे साथ वालों और जानकारों से पूछताछ कर लें.”
भीम आर्मी चीफ ने न्यूज 24 को दिए गए इंटरव्यू में कहा, “रिसर्च में उन्हें पता चल जाएगा कि मैं किस ग्रुप से जुड़ा रहा. मेरी राजनीतिक पहचान और विचार क्या है. यह उन्हें पता लग जाएगा, लेकिन जो उन्होंने किया उससे स्पष्ट हुआ कि भारतीय मीडिया जो है बिना रिसर्च के बहुत सारे बयान किसी को फायदा पहुंचाने और किसी का नुकसान करने के लिए देता है.”
‘अयोध्या हमारी हुई अब मथुरा की बारी, अखिलेश भी साथ आएं’, बोले केशव प्रसाद मौर्य
