एशियाई खेलों में टेबल टेनिस के मुकाबलों में सोमवार को भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया. पहले महिला टीम ने 3-0 से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई और इसके बाद पुरुष टीम ने भी इसी फर्क से पाकिस्तान को हराया. इस तरह भारत ने एक ही दिन में दोनों मुकाबलों में पाकिस्तान को चटाई धूल.
महिला टीम ने ग्रुप एफ में अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में हराया. सुतीर्था मुखर्जी ने अलीना खान को लगातार तीन गेमों में 11-3, 11-3, 11-4 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई. उन्होंने ये मुकाबला सिर्फ 10 मिनट में अपने नाम किया.
यह भी पढ़ें:एक ‘हिट’, दूसरा ‘फ्लॉप’; सहवाग और द्रविड़ के बेटों का टीम इंडिया के लिए प्रदर्शन
सिंड्रेला दास ने बनाई 2-0 की बढ़त
इसके बाद 17 साल की सिंड्रेला दास ने कलसूम खान को 11-6, 11-7, 11-5 से मात दी और भारत की बढ़त 2-0 कर दी. आईटीटीएफ महिला एकल रैंकिंग में 99वें स्थान पर मौजूद सिंड्रेला को घरेलू प्रतियोगिताओं में अच्छे प्रदर्शन के बाद एशियाई खेलों की सीनियर टीम में जगह मिली है.
तीसरे मुकाबले में श्रीजा अकुला ने फातिमा खान को 11-4, 11-4, 11-5 से हराकर भारतीय टीम की जीत पक्की कर दी.
पुरुष टीम ने भी किया पलटवार
महिला टीम के बाद पुरुष टीम ने भी पाकिस्तान को 3-0 से हराया. ईरान के खिलाफ मिली हार के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने इस मुकाबले में बिना कोई गेम गंवाए जीत हासिल की.
हरमीत देसाई ने मोहम्मद खान को 11-4, 11-3, 11-5 से हराकर भारत को आगे किया. इसके बाद कप्तान जी साथियान ने अब्बास खान को 11-1, 11-8, 11-9 से मात दी. पायस जैन ने तीसरे मुकाबले में मोहम्मद खान को 11-2, 11-5, 11-7 से हराकर भारत की जीत पर मुहर लगा दी.
दोनों टीमों की इस जीत के साथ भारत ने टेबल टेनिस के पुरुष और महिला टीम मुकाबले में क्वार्टर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया.
यह भी पढ़ें:वैभव की इस खतरनाक स्किल को चुराना चाहते हैं सूर्यकुमार? जानकर चौंक जाएंगे
