सलमान खान के पॉपुलर और विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. शो की धमाकेदार शुरुआत होने में अब बस कुछ ही घंटे बाकी हैं. ‘बिग बॉस 20’ का ग्रैंड प्रीमियर आज यानी 6 सितंबर को होने वाला है. ऐसे में आइए जानते हैं कि आप इस शो को कब और कहां स्ट्रीम कर सकते हैं, इसकी टाइमिंग क्या होगी और इस सीजन में कौन-कौन से सेलेब्स बतौर कंटेस्टेंट नजर आने वाले हैं.
कब और कहां देखें ‘बिग बॉस 20’?
‘बिग बॉस 20’ का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर 2026 को होने जा रहा है. इसे आप जियो हॉटस्टार और कलर्स टीवी पर देख सकते हैं. डिजिटल दर्शकों के लिए ये शो जियो हॉटस्टार पर रोज रात 9:00 बजे स्ट्रीम किया जाएगा. जो दर्शक इसे टीवी पर देखना चाहते हैं, वो इसे कलर्स टीवी पर हर रात रात 10:30 बजे से देख सकते हैं. खास बात ये है कि इसका हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम वर्जन भी एक साथ रिलीज होगा.
शो में नजर आएंगे ये सेलेब्स
‘बिग बॉस 20’ के घर में 18 कंटेस्टेंट्स धमाल मचाने के लिए तैयार हैं. इस बार शो में टीवी, फिल्म, सोशल मीडिया और म्यूजिक की दुनिया से जुड़े कई जाने-पहचाने चेहरे नजर आएंगे. सभी कंटेस्टेंट्स घर के अंदर एक-दूसरे के साथ रहेंगे और टास्क से लेकर घर के झगड़ों तक दर्शकों का खूब मनोरंजन करेंगे. अब देखना दिलचस्प होगा कि इनमें से कौन अपनी गेम से दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब होता है.
‘बिग बॉस 20’ के कंफर्म कंटेस्टेंट्स की पूरी लिस्ट:
- माही विज
- आम्रपाली दुबे
- रीति तिवारी
- अमन गांधी
- उदिति सिंह
- काजी तौकीर
- मैरी कॉम
- अर्शिफा खान
- कुशाल तंवर उर्फ गुल्लू
- ईशा रिखी
- आसिफ खान
- रोहेड़ खान
- फैसल खान
- कनिका मान
- रैपर यंग डीएसए
- खुशी दुबे
- रिया अहीर
- लव गिल
क्या है ‘बिग बॉस 20’ की थीम?
‘बिग बॉस 20’ की थीम ‘वरदान’, ‘हाउस ऑफ इल्यूजन’ और ‘ड्युअलिटी’ (तथास्तु) पर आधारित है. इस सीजन में मेकर्स एक बड़ा ट्विस्ट लेकर आए हैं, जिसके तहत एलिमिनेट होने वाले कंटेस्टेंट्स को एक एक्स्ट्रा लाइफलाइन यानी ‘वरदान’ मिलेगा, जो उन्हें गेम में बने रहने का एक और मौका देगा.
बेहद यूनिक है ‘बिग बॉस 20’ का घर
इस बार ‘बिग बॉस’ का घर भी काफी यूनिक और दिलचस्प नजर आने वाला है. रंगीन और अतरंगी इस घर को सेट डिजाइनर वर्षा जैन ने डिजाइन किया है. घर को इस तरह तैयार किया गया है कि ये किसी घर से ज्यादा एक एडवेंचर वर्ल्ड जैसा लगता है, जहां पेड़-पौधों से लेकर पक्षी और कई तरह के जीव भी देखने को मिलेंगे.
‘बिग बॉस 20’ के घर में इस बार कई ऐसी चीजें हैं, जो दर्शकों को हैरान कर सकती हैं. घर में दो सीक्रेट भी छिपे हुए हैं, जिनमें से एक है रूम नंबर 20. बताया जा रहा है कि इस कमरे में कोई खास सरप्राइज छिपा है, जिसका खुलासा शो शुरू होने के बाद ही होगा. इसके अलावा घर के अंदर भी एक और अनोखा सरप्राइज देखने को मिलेगा, जिसका राज धीरे-धीरे सामने आएगा.
वॉशरूम में गॉसिप के लिए खास काउच
घर का किचन एरिया भी इस बार काफी अलग अंदाज में तैयार किया गया है. इसे ‘बीबी फूड ट्रक’ (BB Food Truck) नाम दिया गया है. वहीं, वॉशरूम एरिया में एक बड़ा काउच लगाया गया है, जहां कंटेस्टेंट्स बैठकर आपस में गॉसिप करते और बातें करते नजर आएंगे. इस बार घर में कई ऐसी चीजें देखने को मिलेंगी, जो पहली नजर में कुछ और लगती हैं. जैसे एक बड़ी चायदानी को सोफे का रूप दिया गया है, वहीं एक ऑक्टोपस को शतरंज खेलते हुए दिखाया गया है.
पहली नजर में चौंकाएगा घर का इंटीरियर
गार्डन एरिया को इस बार खास जंगल थीम दी गई है. यहां पेड़ों और हरियाली के बीच एक बड़ा सांप नजर आता है, वहीं स्विमिंग पूल को शार्क के डिजाइन में तैयार किया गया है. इसके अलावा घर की दीवारों पर गिरगिट, बिच्छू, उल्लू और बंदर जैसे जीवों के डिजाइन भी देखने को मिलते हैं. इन डिजाइंस के जरिए कंटेस्टेंट्स के बदलते रंग और उनके अलग-अलग अंदाज को दिखाने की कोशिश की गई है.
कैसा होगा ग्रैंड प्रीमियर में सलमान खान का लुक?
सलमान खान ने 4 सितंबर 2026 को मुंबई में ‘बिग बॉस 20’ के ग्रैंड प्रीमियर एपिसोड की शूटिंग शुरू कर दी है. इस दौरान सेट पर उनका बेहद रफ-एंड-टफ और स्टाइलिश काउबॉय अवतार देखने को मिला. सलमान ने ब्राउन कलर की काउबॉय हैट के साथ बॉडी-हगिंग ब्लैक टी-शर्ट और डार्क ब्लू डेनिम जींस पहनी थी. इसके ऊपर उन्होंने ग्रे कलर का वेस्टकोट कैरी किया, जो उनके लुक को और स्टाइलिश बना रहा था. हमेशा की तरह उनके हाथ में आइकॉनिक फिरोजी रंग का ब्रेसलेट भी नजर आया. सलमान ने स्टेज पर हाथ जेब में डालकर अपने सिग्नेचर अंदाज में पैपराजी के लिए जमकर पोज दिए.
ये भी पढ़ें:- Miss World 2026: जोहेरी मोल ने जीता ताज, टॉप 20 से बाहर हुईं निकिता पोरवाल
पैपराजी पर भड़के सलमान खान
‘बिग बॉस 20’ के सेट से हाल ही में सलमान खान का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वो पैपराजी पर नाराज होते नजर आए. जब सलमान अपने काउबॉय लुक में सेट पर पहुंचे तो तस्वीरें क्लिक करने के लिए पैपराजी स्टेज के काफी करीब आ गए. भीड़ और शोर बढ़ता देख सलमान ने उन्हें पीछे हटने और दूरी बनाए रखने के लिए कहा.
इसके बाद जब पैपराजी लगातार उनसे पोज देने की रिक्वेस्ट करने लगे तो सलमान का पारा चढ़ गया. उन्होंने गुस्से में कहा, ‘ये मेरा काम नहीं है. मुझे कैमरे के आगे आने की कोई जरूरत नहीं है.’ इस दौरान फोटोग्राफर्स के उन्हें बार-बार ‘बाबा’ कहकर बुलाने पर भी सलमान चिढ़ गए. उन्होंने कहा, ‘बाबा? बाबा? ये मेरा नाम नहीं है.’ सलमान खान का ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ.
ये भी पढ़ें:- ‘बिग बॉस 20’ में रीति तिवारी की धमाकेदार एंट्री, बेटी को छोड़ने पहुंचे मनोज तिवारी
