भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा, इससे पहले टीम इंडिया श्रीलंकाई XI के साथ अभ्यास मैच खेलेगी. जसप्रीत बुमराह चोट के कारण सीरीज से पहले ही बाहर हो गए हैं. अब एक और बड़ा खिलाड़ी चोट के कारण पहले मैच में नहीं खेल पाएगा. हालांकि इस बार झटका मेजबान श्रीलंका के लिए है, जिनके स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस अभी भी चोट से पूरी तरह रिकवर नहीं हो पाए हैं.
श्रीलंका की एक लोकल वेबसाइट के अनुसार कुसल मेंडिस का गॉल टेस्ट में खेलना बहुत मुश्किल है. वह अभ भी चोट से पूरी तरह रिकवर नहीं हो पाए हैं. बता दें कि घरेलू फ्रेंचाइजी टी20 लीग के दौरान मेंडिस को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी. इसके बाद से संशय बना हुआ था कि क्या वह भारत के खिलाफ पहला टेस्ट खेल पाएंगे?
कुसल मेंडिस लीग के एक मैच में रन ले रहे थे, तब हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था. रिपोर्ट के अनुसार मेडिकल टीम ने सलाह दी है कि जब तक वह पूरी तरह ठीक नहीं हो जाते, उन्हें मैदान पर उतारना जोखिम भरा हो सकता है. ऐसे में माना जा रहा है कि वह भारत के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट से बाहर हो सकते हैं. ये श्रीलंका टीम के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि कुसल अनुभवी हैं और भारत के खिलाफ उनका बल्ला चला भी है.
यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी क्रिकेटर पर लगा 2 साल का बैन, जानिए क्यों मिली इतनी बड़ी सजा
भारत के खिलाफ मेंडिस का टेस्ट रिकॉर्ड
कुसल मेंडिस ने भारत के खिलाफ 4 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें खेली 8 पारियों में 256 रन बनाए हैं. भारत के खिलाफ वह 1 शतकीय पारी और इसके आलावा एक बार अर्धशतक लगा चुके हैं. उन्होंने कुल 75 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें खेली 139 पारियों में 4836 रन बनाए हैं. उन्होंने टेस्ट में 10 शतक और 23 अर्धशतक लगाए हैं.
यह भी पढ़ें- फाफ डु प्लेसिस रिलीज, कई खिलाड़ियों की बदली टीम; सभी टीमों के स्क्वॉड का एलान
भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट में हेड टू हेड की बात करें तो कुल 46 मैच दोनों के बीच हुए हैं. 22 भारत ने और 7 श्रीलंका ने जीते हैं. श्रीलंका ने सभी 7 मैच अपने होम ग्राउंड पर ही जीते हैं.
पहला टेस्ट 15 अगस्त से शुरू होगा. सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट 23 अगस्त से शुरू होगा. दोनों टेस्ट भारतीय समयनुसार सुबह 10 बजे से शुरू होंगे. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के लिहाज से दोनों टीमों के लिए ये सीरीज महत्वपूर्ण है. टीम इंडिया दोनों मैच जीतकर टॉप-4 में आ सकती है. भारत अभी पांचवें स्थान पर है, श्रीलंका छठे स्थान पर है.
