उत्तर प्रदेश के रामपुर में जौहर यूनिवर्सिटी मामले में 25 जुलाई को समाजवादी पार्टी के आठ सांसदों का एक प्रतिनिधि मंडल रामपुर पहुंचेगा. यहां वे स्थानीय अधिकारियों से मिलकर ध्वस्तीकरण रोकने की अपील के साथ ही एक प्रेस वार्ता भी करेंगे. इस संबंध में आज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने एक लेटर जारी कर सूचना दी है.
प्रतिनिधिमंडल में रामपुर जिलाध्यक्ष अजय सागर के साथ ही राज्यसभा सांसद जावेद अली,लोकसभा सांसद हरेन्द्र मलिक,रूचि वीरा,इकरा हसन,राजीव राय,मोहिबुल्लाह,नीरज मौर्य और जिया उर रहमान बर्क शामिल रहेंगे.
यह भी पढ़ें: महिला सशक्तीकरण से AI तक, राज्यपाल गुरमीत सिंह ने बताया कैसा होगा भविष्य का उत्तराखंड
आरडीए ने 38 बिल्डिंग गिराने का नोटिस दिया है
यहां बता दें की रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी को रामपुर विकास प्राधिकरण ने 38 बिल्डिंग गिराने का नोटिस दिया है. उसके मुताबिक यह बिल्डिंग बिना नियमों और मानकों के बनाई गयी हैं. 15 जुलाई के नोटिस के बाद मामला गर्मा गया है. इस नोटिस के खिलाफ यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने कमिश्नर कोर्ट में अपील भी दाखिल की है और आरोप लगाया है कि शिक्षण संस्थान गिराने की साजिश है.
इस मुद्दे को लेकर सपा पूरी एकजुट है और रामपुर विकास प्राधिकरण के साथ रामपुर प्रशासन पर एकतरफ़ा कार्रवाई का आरोप लगा रही है. बीते कई दिनों से पार्टी के विधायक और अन्य नेताओं ने रामपुर में जुटना शुरू कर दिया है. आज नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने भी रामपुर पहुंचकर स्थिति परखी थी.
यूनिवर्सिटी के बाहर जारी है धरना-प्रदर्शन
उधर प्राधिकरण के आदेश के बाद यूनिवर्सिटी के शिक्षक और छात्र-छात्राएं धरने-प्रदर्शन पर बैठे हैं. उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि यूनिवर्सिटी को न गिराया जाए. लगातार सपा के विधायक भी पहुंच रहे हैं. सपा नेताओं और प्रबंधन ने इस मामले को अदालत में ले जाने का भी ऐलान किया है. उनका दावा है कि उनके पास सभी साक्ष्य हैं जिसमें यूनिवर्सिटी में निर्माण पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बने हैं. फ़िलहाल इस मामले में राजनीति काफी गर्म है.
