Fake Baba Fraud Case: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में अशोक खरात के बाद एक बार फिर ढोंगी बाबा के कारनामे और लूट के मामले सामने आए. यहां एक ढोंगी बाबा ने प्रेम विवाह करके घर से भागी लड़की को वापस लाने का झांसा देकर लड़की के पिता से करीब 1 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी कर ली. मामला भंडारा के पवनी तालुका के अड्याळ पुलिस थाना क्षेत्र का है.
इतना ही नहीं, बाबा ने पीड़ित के परिवार वालों का भरोसा जीतने के लिए 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर लिखकर यह गारंटी भी दी थी कि लड़की वापस आ जाएगी, वरना पैसे लौटाए जाएंगे. लेकिन बाद में न तो लड़की वापस आई और न ही पैसे मिले.
कैसे फंसा परिवार जाल में
जानकारी के मुताबिक, बोरगांव निवासी शिवशंकर डोरले की बेटी पड़ोस के एक युवक के साथ घर से भाग गई थी. परेशान पिता जब लड़की की तलाश में थे, तभी उनकी मुलाकात हेमदास बावणे नाम के व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को “बाबा” बताकर मदद का दावा किया.
Maharashtra News: शादी से लौटते वक्त बड़ा कांड! बस स्टैंड पर महिला के ₹5.36 लाख के गहने चोरी
बाबा ने दावा किया कि लड़की पर “करनी और भानामती” का असर हुई है और उसे उतारने के लिए पूजा करनी होगी. शुरुआत में उसने पूजा करने के नाम पर 8 हजार रुपये वसूले. हालांकि, पूजा करने के बाद भी लड़की वापस नहीं आई तब बाबा ने डर पैदा किया कि लड़की की जान को खतरा है. यह कहकर बाबा ने और पैसे वसूल किए. कुल मिलाकर पीड़ित परिवार से लगभग 1 लाख 8 हजार रुपये ऐंठ लिए गए.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
मामले में जब कोई समाधान नहीं मिला तो परिवार ने अड्याळ पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जादूटोणा विरोधी कानून सहित धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले भी कितने लोगों को इसी तरह ठगा है. इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि अंधविश्वास और जल्दबाजी में लिए गए फैसले कैसे लोगों को आर्थिक और मानसिक नुकसान पहुंचा सकते हैं.
Maharashtra: बहन की अंतरजातीय शादी से नाराज भाई बना हैवान! जीजा पर पेट्रोल पंप पर जानलेवा हमला
