पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने खुद अपना मजाक बना रखा है, अब उनके देश के पूर्व खिलाड़ी भी खुलकर इसे स्वीकारने लगे हैं और जमकर आलोचना कर रहे हैं. इसमें नया नाम सईद अजमल का जुड़ गया है, जिन्होंने कोच माइक हेसन को भी घेरा है. मोहसिन नकवी की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि पीसीबी ने ही अपने खिलाड़ियों का मनोबल तोड़ा है.
लॉर्ड्स में इंग्लैंड के हाथों मिली हार के बाद से पाकिस्तान क्रिकेट में उथल-पुथल मची हुई है. उस मैच के बाद पीसीबी ने 7 खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर घर भेज दिया, उनके रिप्लेसमेंट का एलान कर दिया जो बुधवार से शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट का हिस्सा होंगे. फिर खबर आई कि बोर्ड ने अपने कई खिलाड़ियों के फोन जब्त कर लिए, जिससे सवाल उठे कि क्या कोई फिक्सिंग की जांच हो रही है? पीसीबी के मीडिया निदेशक हामिद मीर ने बताया कि अनुशासन से जुड़ी रिपोर्ट्स के बाद बोर्ड ने एक आंतरिक जांच शुरू की. इस बीच सईद अजमल का बयान आया है, जिन्होंने इस मामले में खुलकर अपनी राय रखी है.
‘वो 2 ही सब कंट्रोल कर रहे हैं’
बीच दौरे इतने बदलावों पर पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने कहा था कि इस समय ऐसा कुछ नहीं कहना चाहिए जिससे प्लेयर्स का मनोबल गिरे. इसके बाद सईद अजमल ने कहा कि सबसे ज्यादा डिमोटिवेट तो खुद पीसीबी ने किया है. उन्होंने समा टीवी पर कहा, “जितना मनोबल पीसीबी ने प्लेयर्स का गिराया है, उतना किसी और ने नहीं गिराया है. बोर्ड किसी प्लेयर्स को टिकने नहीं दे रहा. अच्छे प्रदर्शन के बाद भी कई खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया. उन्होंने कई खिलाड़ियों को अपमानित किया.”
यह भी पढ़ें- ICC की ताजा रैंकिंग जारी, दीप्ति शर्मा ने लगाई छलांग, पाकिस्तानी गेंदबाज को पछाड़ा
उन्होंने आगे कहा, “आकिब जावेद और माइक हेसन एक टीम हैं, वे सारी चीजें कंट्रोल कर रहे हैं. इस मामले के लिए आकिब और हेसन ही जिम्मेदार हैं. ये सब ईगो के कारण हो रहा है, जिससे हमारी टीम 10 साल पीछे चली गई. भविष्य के लिए तो हमारे पास कोई प्लान ही नहीं है.”
इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान तीसरा और सीरीज का आखिरी टेस्ट बुधवार, 9 सितंबर से खेला जाएगा. ये मैच एजबेस्टन में होगा, जिसे जीतकर मेजबान इंग्लैंड सीरीज व्हाइट वॉश करना चाहेगी. बता दें कि पहले मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को एक पारी और 103 रन से हराया था. लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में 194 रनों से बड़ी जीत दर्ज की थी.
यह भी पढ़ें- DRS को लेकर कन्फ्यूज ईशान से वैभव सूर्यवंशी ने कहा- ले लो, फिर क्या हुआ; देखें
