Headlines

Rapido के नाम पर लुटेरा बना बाइक राइडर! सस्ते किराये का झांसा देकर छीन लेता था फोन


अगर आप कहीं यात्रा कर रहे हैं और कोई टैक्सी चालक या बाइक चालक आपको कम पैसे में यात्रा करने की बात करता है तो थोड़ा सावधान हो जाइए, क्योंकि यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. दिल्ली में देर रात सस्ते किराये का लालच देकर लोगों को निशाना बनाने वाला फर्जी रैपिडो राइडर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया. 

सेंट्रल दिल्ली के आईपी एस्टेट पुलिस ने इस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी यात्रियों को बाइक पर बैठाकर सुनसान जगह ले जाता था और फिर मोबाइल फोन छीनकर फरार हो जाता था. 

कम पैसे का लालच देकर वारदात को देता था अंजाम

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 20 मई की रात एक युवक ने शिकायत दी कि आईटीओ स्थित हंस भवन के पास उसे एक बाइक सवार मिला जिसने खुद को रैपिडो राइडर बताया. आरोपी ने कम किराये में ओखला के तखंद गांव छोड़ने की बात कही. रास्ते में आरोपी ने पुलिस चेकिंग का बहाना बनाकर युवक को बाइक से उतरने को कहा. जैसे ही युवक सड़क पार करने लगा आरोपी उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गया.

CCTV से मिले पुख्ता सबूत

दिल्ली पुलिस ने शिकायत मिलते ही आईपी एस्टेट थाना पुलिस हरकत में आ गई..इंस्पेक्टर नरेश कुमार के नेतृत्व में बनाई गई टीम ने इलाके के कई CCTV कैमरे खंगाले और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी की पहचान कर ली. पुलिस ने विकास मार्ग इलाके से आरोपी को दबोच लिया. 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 37 साल के मुनेन्दर के रूप में हुई है जो सिंघु गांव, दिल्ली का रहने वाला है. पुलिस ने उसके पास से लूटा गया मोबाइल, एक अन्य चोरी का फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है.

दिल्ली पुलिस की जांच में हुआ अहम खुलासा 

दिल्ली पुलिस की जांच में पता चला कि बाइक भी नरेला इलाके से चोरी की गई थी.पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी चोरी और स्नैचिंग के कई मामलों में शामिल रह चुका है. आरोपी देर रात कम भीड़भाड़ वाले इलाकों में यात्रियों को सस्ते किराये का झांसा देकर फंसाता था.

भरोसा जीतने के बाद वह सुनसान जगह पर बाइक रोककर किसी बहाने से यात्री को नीचे उतारता और फिर मोबाइल छीनकर फरार हो जाता था. दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *