Rapido Driver Viral Video : दिल्ली में एक ऑटो राइड के दौरान सामने आया एक मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है. असम की रहने वाली एक रिसर्चर और डिजिटल क्रिएटर ने आरोप लगाया कि सफर के दौरान ऑटो चालक मोबाइल पर अश्लील वीडियो देख रहा था और आपत्तिजनक हरकत कर रहा था. महिला ने इस पूरे एक्सपीरियंस को सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद Rapido ने मामले पर कार्रवाई करते हुए संबंधित ड्राइवर को हमेशा के लिए अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया. इस घटना के बाद महिला सुरक्षा और कैब-ऑटो सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं.
क्या है पूरा मामला?
असम की रहने वाली रिसर्चर और डिजिटल क्रिएटर सुकन्या दत्ता ने बताया कि उन्होंने रात करीब 8:48 बजे दिल्ली के सफदरजंग से मॉडल टाउन जाने के लिए Rapido ऑटो बुक किया था. शुरुआत में उन्हें कुछ भी असामान्य नहीं लगा. लेकिन रास्ते में ट्रैफिक सिग्नल पर एक बाइक सवार महिला ने उनका ध्यान ऑटो चालक की ओर दिलाया. आरोप है कि जैसे ही ड्राइवर को लगा कि उसकी ओर इशारा किया जा रहा है, उसने तुरंत अपना मोबाइल छिपा लिया.
महिला ने लगाया अश्लील हरकत का आरोप
महिला का आरोप है कि तभी उन्हें पता चला कि ऑटो चालक मोबाइल पर अश्लील वीडियो देख रहा था और साथ ही आपत्तिजनक हरकत भी कर रहा था. उनके मुताबिक, मंजिल तक पहुंचने में अभी करीब 30 मिनट का रास्ता बाकी था और रास्ते का बड़ा हिस्सा उनके लिए अनजान था. ऐसे में उन्होंने बीच रास्ते उतरने की जगह भीड़भाड़ वाली जगह तक पहुंचने का फैसला किया, उन्हें वही ज्यादा सुरक्षित लगा.
सफर के दौरान ही Rapido को दी जानकारी
महिला ने बताया कि उन्होंने यात्रा के दौरान ही Rapido की सेफ्टी टीम से संपर्क कर अपनी असुरक्षा और ड्राइवर के कथित व्यवहार की जानकारी दी. हालांकि उनका दावा है कि सफर खत्म होने तक उन्हें कंपनी की ओर से कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिली.
किया सवाल
महिला ने अपनी डेस्टिनेशन पर पहुंचने के बाद महिला ने ड्राइवर से कैमरे के सामने सवाल किया. उनके अनुसार, ड्राइवर ने अश्लील वीडियो देखने से साफ इनकार नहीं किया, बल्कि कहा कि वह केवल विदेशी महिलाओं के छोटे कपड़ों वाले वीडियो देख रहा था. महिला ने अपनी पोस्ट में उस बाइक सवार महिला का भी धन्यवाद किया, जिसने उन्हें समय रहते सतर्क किया. उन्होंने लिखा कि लोग अक्सर पूछते हैं कि महिलाएं ऐसी स्थिति में तुरंत वाहन से क्यों नहीं उतर जातीं, लेकिन सच यह है कि महिलाएं हर पल अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फैसला लेने को मजबूर होती हैं.
यह भी पढ़ें – थिएटर में किसी ने किया फार्ट, पूरे हॉल में फैल गई बदबू- फिल्म का हीरो भी नाक दबा भागा
Rapido ने लिया बड़ा फैसला
मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद Rapido ने बयान जारी कर कहा कि घटना को गंभीरता से लिया गया है. कंपनी ने संबंधित ड्राइवर के कथित गैर-पेशेवर व्यवहार की समीक्षा करने के बाद उसे हमेशा के लिए प्लेटफॉर्म से हटा दिया है. साथ ही कंपनी ने यह भी कहा कि वह पूरे मामले की समीक्षा करेगी. जिससे फ्यूचर में सुरक्षा से जुड़े मामलों में और बेहतर व समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके. Rapido ने महिला से माफी भी मांगी.
सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन
यह मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिले. कई यूजर्स ने महिला का सपोर्ट करते हुए कहा कि इस तरह की हरकत पूरी तरह गलत है और ऐसी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए. कुछ लोगों ने Rapido की शुरुआती प्रतिक्रिया पर भी सवाल उठाए और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही. वहीं कुछ यूजर्स ने लिखा कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में कंपनियों को और ज्यादा एक्टिव होना चाहिए.
यह भी पढ़ें – वंदे भारत के इंजन में रील बनाने पहुंची महिला! लोको पायलट की कुर्सी पर बैठकर बनाया वीडियो
