लखनऊ सुपर जायंट्स की हार का सिलसिला रुक नहीं रहा, बुधवार को टीम लगातार चौथा मैच हार गई. इकाना में खेले गए इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए थे. लक्ष्य का पीछा करते हुए LSG की पूरी टीम 119 रनों पर आउट हो गई. बल्लेबाजी में ऋषभ पंत का गैरजिम्मेदाराना रवैया देखने को मिला. वह आयुष बडोनी के रन आउट होने के बाद मैदान पर आए थे, और पहली ही गेंद से आगे बढ़कर बड़ा शॉट मारने का प्रयास करने लगे और तीसरी गेंद पर आउट हो गए.
शुरूआती ओवरों में गेंद हवा में हरकत कर रही थी, और इसी कारण पंत पहली 2 गेंदों पर बड़ा शॉट नहीं मार पाए. लेकिन इसके बाद भी उन्होंने तीसरी गेंद पर वैसा ही बड़ा शॉट मारने का प्रयास किया और बल्ला जोर से घुमाया, लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर सीधा विकेटकीपर के हाथों में चली गई और पंत शून्य पर आउट हो गए. मैच के बाद पंत से पूछा गया कि ‘आपको क्या लगता है कि LSG मैच कहां हारी?’ तो पंत के पास इसका कोई जवाब नहीं था.
हार के बाद क्या बोले पंत?
लखनऊ सुपर जायंट्स कहां पिछड़ी? कहां मैच हार गई? इसके जवाब में पंत ने कहा, “मेरे पास इसका कोई जवाब नहीं है. हमारी बैटिंग ने हमें निराश किया. एक ग्रुप, एक टीम के तौर पर हम निराश हैं. हार का जवाब हमें अपने अंदर ही खोजना होगा, बाहर नहीं. बैटिंग के दौरान हम समय ले सकते थे, इसके लिए कोई बहाना नहीं है. मुझे मिलाकर, हम मैच को आगे तक ले जा सकते थे. बैटिंग ग्रुप के तौर पर हमें अपनी जिम्मेदारी लेनी होगी.”
यह भी पढ़ें- पहली बार इतने बेबस दिखे वैभव सूर्यवंशी, 5 गेंदें डॉट और फिर हुए आउट; इस गेंदबाज ने जाल में फंसाया
पंत ने आगे कहा, “हमें सकारात्मक पहलुओं पर ध्यान देना होगा. हमें अपना सिर ऊंचा रखना होगा और जवाब अपने अंदर ही खोजने होंगे. हमारे पास इस सीजन का रुख बदलने की पूरी ताकत है.”
लक्ष्य का पीछा करते हुए ओपनर मिचेल मार्श ने 41 गेंदों में 55 रनों की अच्छी पारी खेली, लेकिन शुरूआती ओवरों में उनका कोई साथ नहीं दे पाया. आयुष बडोनी तालमेल की कमी के कारण रन आउट हुए, इसके बाद पंत अपनी तीसरी गेंद पर चलते बने. चौथे नंबर पर आए एडन मार्क्रम अपनी छठी गेंद पर आउट हो गए. बडोनी, पंत और मार्क्रम खाता भी नहीं खोल पाए.
यह भी पढ़ें- IPL के इतिहास में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने जोफ्रा आर्चर, लिख डाला नया इतिहास
प्लेऑफ की राह हुई मुश्किल
लखनऊ सुपर जायंट्स 7 मैच खेल चुकी है, जिसमें से सिर्फ 2 मैच जीती है और 5 में उसे हार मिली है. LSG के 4 अंक और -1.277 का नेट रन रेट है. अब लखनऊ को अपने अगले 7 में से कम से कम 6 मैच जीतने होंगे, तब उनके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना बनेगी.
