मध्य प्रदेश के सतना जिला अस्पताल से एक बेहद हैरान कर देने वाला और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सिरफिरा युवक प्रसूता वार्ड से एक नवजात बच्चे को चोरी कर भागने की कोशिश कर रहा था. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. गनीमत रही कि वहां मौजूद लोगों की सतर्कता और कोतवाली थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया और मासूम अब सुरक्षित अपनी मां के पास है.
मोबाइल चार्जर के विवाद पर वार्ड से चुराया नवजात बच्चा
पूरी घटना अस्पताल की बदहाल सुरक्षा व्यवस्था को साफ उजागर कर रही है, जिसने अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों को खौफ में डाल दिया है. जानकारी के मुताबिक, प्रसूता शिवानी चौधरी का अस्पताल में एक युवक से मोबाइल चार्जर को लेकर मामूली विवाद हो गया था. इस छोटी सी बात से बौखलाए सर फिरे युवक ने महिला से बदला लेने की खतरनाक साजिश रच डाली.
युवक रंजिश के चलते वार्ड में दाखिल हुआ और महिला का नवजात बच्चा उठाकर रफूचक्कर होने लगा. जैसे ही लोगों को इस बात की भनक लगी, अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और शोर मचाने पर लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर उसे डॉक्टरों की देखरेख में सुरक्षित परिजनों को सुपुर्द करवाया गया.
आरोपी को अपहरण के मामले में कोर्ट ने भेजा जेल
वही कोतवाली थाना पुलिस ने पीड़ित मां शिवानी चौधरी की शिकायत पर आरोपी विपिन सोनी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की शिनाख्त भी की. कोतवाली थाना प्रभारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की पहचान विपिन सोनी (पिता राकेश सोनी) के रूप में की, जो कोलगवां थाना क्षेत्र के पटनाह बिल्डिंग के पीछे का निवासी बताया जा रहा है. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी विपिन सोनी को गिरफ्तार कर लिया है.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि चार्जर न देने और विवाद होने के कारण उसने बदला लेने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला कायम कर गुरुवार (21 मई) को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.
भोजशाला में HC के फैसले के बाद बदला माहौल, पहले जुमे पर 1800 जवानों के बीच हुई पूजा-अर्चना
Input By : वेंकटेश द्विवेदी
