IPL 2026 के 55वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराया. पंजाब की ये लगातार चौथी हार है, जिसके बाद उनका टॉप-4 में पहुंचने का चांस 95 से 60 प्रतिशत रह गया है. हार के कारण पर बात करते हुए PBKS के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि मैं बात को घुमा-फिराकर नहीं कहूंगा, हम फील्डिंग और गेंदबाजी के कारण हारे. अय्यर का मानना है कि हमने अच्छा स्कोर बनाया था, जो डिफेंड किया जाना चाहिए था.
क्या बोले श्रेयस अय्यर
पंजाब किंग्स से गलती कहां हुई? इस सवाल पर अय्यर ने कहां, “मैं घुमा-फिराकर बात नहीं करना चाहता, गलती गेंदबाजी और फील्डिंग में हुई है.” क्या ये डिफेंड करने के लिए अच्छा स्कोर था? इस पर उन्होंने कहां, “बिल्कुल, जिस तरह गेंद सीम कर रही थी, कभी गेंद ऊपर, कभी नीचे रह रही थी तो हमने करीब 30 रन ज्यादा ही बनाए थे.”
चहल से गेंदबाजी न करवाने पर श्रेयस अय्यर ने कहां, “हमने उन्हें गेंदबाजी देने के बारे में सोचा था लेकिन जिस तरह गेंद सीम हो रही थी, अगर हमारे गेंदबाजों ने लाइन लेंथ सही रखी होती तो हमें शायद विकेट भी मिल जाते. मैं हमेशा कहता हूं कि ‘हार्ड लेंथ’ और शार्ट ऑफ हार्ड लेंथ’ ही सबसे अच्छी गेंद होती है, इन गेंदों पर नए बल्लेबाज को मुश्किल होती है. हमारी प्लानिंग में कमी रह गई.”
यह भी पढ़ें- IPL डेब्यू से पहले मार दी डबल सेंचुरी, पंजाब किंग्स के Ben Dwarshuis ने बनाया ये अनोखा रिकॉर्ड
मैच का हाल
धर्मशाला में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर दिल्ली ने गेंदबाजी चुनी थी. पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. प्रियांश आर्या ने 33 गेंदों में 56 रनों की शानदार पारी खेली. कप्तान श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों में 59 रन बनाए.
लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली के मिडिल आर्डर बल्लेबाज अक्षर पटेल (56) और डेविड मिलर (51) ने अर्धशतक जड़ा. अंत में आशुतोष शर्मा (24) और माधव तिवारी (18) ने छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पारी खेलकर दिल्ली को 6 गेंद शेष रहते जीत तक पहुंचाया.
यह भी पढ़ें- प्रियांश आर्य ने तूफानी बैटिंग से तोड़े 5 बड़े रिकॉर्ड, दिल्ली के खिलाफ कई दिग्गजों को छोड़ा पीछे
अर्शदीप सिंह ने अच्छी गेंदबाजी की थी, उन्होंने 4 ओवरों में 21 रन देकर 2 विकेट लिए. उनके आलावा हर गेंदबाज महंगा साबित हुआ, कप्तान से भी एक गलती हुई कि उन्होंने अर्शदीप के चारों ओवर पहले ही खत्म करवा लिए. इम्पैक्ट प्लेयर बनकर आए यश ठाकुर ने 4 ओवरों में 55, मार्को जानसेन ने 45, बेन ड्वारशुईस ने 51 रन दिए. स्टोइनिस ने 3 ओवरों में 44 रन लुटाए.
