Is Sleeping With Earplugs Safe Every Night: अगर आपको रात में खर्राटों, ट्रैफिक के शोर या आसपास की आवाजों की वजह से नींद नहीं आती, तो संभव है कि आपने कभी न कभी ईयरप्लग का इस्तेमाल किया हो. कई लोग अच्छी और बिना रुकावट वाली नींद के लिए रोजाना ईयरप्लग लगाकर सोते हैं. लेकिन क्या हर रात कई घंटों तक कान के अंदर ईयरप्लग लगाए रखना पूरी तरह सुरक्षित है? क्या इससे लंबे समय में कानों पर कोई बुरा असर पड़ सकता है?
ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. ज्योतिर्मय एस. हेगड़े ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि अगर ईयरप्लग सही तरीके से इस्तेमाल किए जाएं, उनकी नियमित सफाई की जाए और उनका साइज कान के अनुसार सही हो, तो ज्यादातर स्वस्थ लोगों के लिए इन्हें लगाकर सोना सुरक्षित माना जाता है. खासकर उन लोगों के लिए जिन्हें खर्राटों, ट्रैफिक के शोर या नाइट शिफ्ट की वजह से दिन में सोना पड़ता है, ईयरप्लग अच्छी नींद लेने में मदद कर सकते हैं.
सही तरीके से इस्तेमाल करना है जरूरी
डॉ. हेगड़े बताते हैं कि ईयरप्लग का सही साइज चुनना बहुत जरूरी है. अगर ईयरप्लग बहुत बड़ा है या उसे जरूरत से ज्यादा अंदर धकेल दिया जाए, तो इससे कान में दर्द या असहजता हो सकती है. इसलिए हमेशा निर्माता द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार ही ईयरप्लग लगाना और निकालना चाहिए. अगर ईयरप्लग लगाते समय दर्द महसूस हो रहा है, तो यह संकेत हो सकता है कि उसका आकार सही नहीं है या उसे गलत तरीके से लगाया गया है.
रोजाना इस्तेमाल करने वालों को रखना होगा ज्यादा ध्यान
जो लोग हर रात ईयरप्लग लगाकर सोते हैं, उन्हें कानों की सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए. नियमित उपयोग के दौरान अगर कान में दर्द, खुजली, भारीपन या किसी तरह की परेशानी महसूस होने लगे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. एक्सपर्ट के मुताबिक, रोजाना इस्तेमाल करने वालों को समय-समय पर अपने कानों की स्थिति पर नजर रखनी चाहिए ताकि किसी भी समस्या का पता शुरुआत में ही चल सके.
ईयरवैक्स जमा होने का बढ़ सकता है खतरा
ईयरप्लग के लगातार इस्तेमाल से सबसे आम समस्या कान में मैल यानी ईयरवैक्स जमा होना हो सकती है. सामान्य तौर पर कान का मैल धीरे-धीरे अपने आप बाहर निकल जाता है. लेकिन अगर लंबे समय तक ईयरप्लग का इस्तेमाल किया जाए, तो यह प्राकृतिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है. गलत तरीके से लगाए गए ईयरप्लग मैल को कान के अंदर और गहराई तक धकेल सकते हैं. इससे कान बंद होने जैसा महसूस हो सकता है, सुनाई कम देने लग सकता है या कान में भारीपन महसूस हो सकता है.
गंदे ईयरप्लग बढ़ा सकते हैं इंफेक्शन का खतरा
अगर एक ही ईयरप्लग को बार-बार बिना साफ किए इस्तेमाल किया जाए, तो उसमें बैक्टीरिया और फंगस पनप सकते हैं. ऐसे ईयरप्लग कान के अंदर संक्रमण का कारण बन सकते हैं. इसके अलावा लंबे समय तक गंदे या खराब तरीके से लगाए गए ईयरप्लग कान की त्वचा को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं. इससे कान की नली में खरोंच, जलन, सूजन या दबाव के कारण छोटे घाव बनने का खतरा बढ़ जाता है.
इसे भी पढ़ेंः Exam Preparation: क्या रातभर जागकर पढ़ते हैं? जानें बड़े नुकसान
किन लोगों को ईयरप्लग लगाने से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए?
हालांकि ज्यादातर लोग सुरक्षित तरीके से ईयरप्लग इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन कुछ लोगों को नियमित उपयोग से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए. अगर आपको बार-बार कान में संक्रमण होता है, कान में एक्जिमा या त्वचा से जुड़ी पुरानी समस्या है, कान की नली बहुत संकरी है, अक्सर ईयरवैक्स जमा हो जाता है, हाल ही में कान की सर्जरी हुई है या कान के पर्दे में छेद है, तो बिना डॉक्टर की सलाह के ईयरप्लग का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.

दोबारा इस्तेमाल होने वाले ईयरप्लग की सफाई कैसे करें?
अगर आप री-यूजेबल ईयरप्लग इस्तेमाल करते हैं, तो हर बार उपयोग के बाद उन्हें साबुन और साफ पानी से धोना चाहिए. धोने के बाद उन्हें पूरी तरह सूखने दें और उसके बाद ही दोबारा इस्तेमाल करें. अगर ईयरप्लग फटने लगें, उनका रंग बदल जाए, वे सख्त हो जाएं या अच्छी तरह साफ न हो पा रहे हों, तो उन्हें तुरंत बदल देना चाहिए. वहीं डिस्पोजेबल ईयरप्लग को दोबारा इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. अगर वे गंदे हो जाएं, अपना आकार खो दें या पहले की तरह फैलना बंद कर दें, तो उन्हें फेंक देना ही बेहतर होता है.
इसे भी पढ़ेंः Does Paan Cause Cancer: क्या पान खाने से सच में होता है कैंसर? जानिए सच्चाई
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator
