भारत की फेमस कॉमेडियन और सिंगर सुगंधा मिश्रा किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं. वो अपने अब तक के करियर में कई कॉमेडी शोज में नजर आ चुकी हैं, लेकिन कपिल शर्मा के कॉमेडी शो ‘द कपिल शर्मा शो’ से उन्हें एक अलग ही पहचान मिली. इस शो में उन्होंने विद्यावती का किरदार निभाया था. आपको ये जानकर हैरानी होगी कि सुगंधा कॉमेडियन नहीं, बल्कि सिंगर बनना चाहती थी. सुगंधा 23 मई को अपना 38वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं. आइए इस मौके पर उनकी जिंदगी से जुड़ी दिलचस्प बातें जानते हैं.
संगीत घराने से रखती हैं ताल्लुक
सुगंधा मिश्रा का जन्म 23 मई, 1988 को पंजाब के जलंधन में हुआ है. उन्होंने गुरु नानक देव यूनवर्सिटी से पढ़ाई की और म्यूजिक भी सीखा. बचपन से ही सुगंधा सिंगर बनना चाहती थीं और उन्होंने 14 साल की उम्र से गाना शुरू कर दिया था.
सुगंधा का संगीत से ताल्लुक बचपन से ही रहा है. दरअसल, वो संगीत से जुड़े प्रतिष्ठित इंदौर घराना से ताल्लुक रखती हैं. वो अपने परिवार की चौथी पीढ़ी हैं, जिन्होंने संगीत में करियर बनाया. बता दें कि सुगंधा ने संगीत की शिक्षा अपने दादाजी पंडित शंकर लाल मिश्रा से ली थी.
ये भी पढ़ें:- गले में मंगलसूत्र, माथे पर बिंदी और हाथों में हरी चूड़ियां, क्या कंगना रनौत ने गुपचुप कर ली शादी?
कपिल शर्मा और सुगंधा मिश्रा ने साथ की पढ़ाई
सुगंधा मिश्रा ने ‘सारेगामापा सिंगिग सुपरस्टार’ नाम के रियलिटी शो में हिस्सा लिया था और थर्ड रनर अप रहीं. इसके बाद सुगंधा को ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ के ऑडिशन में चुना गया था, जिसके बाद वह स्टैंड-अप कॉमेडियन बन गईं. वो अपने कॉमेडियन बनने का क्रेडिट कपिल शर्मा को देती हैं, जिसका जिक्र उन्होंने 2014 में दिए एक इंटरव्यू में भी किया था.
सुगंधा ने बताया था कि वो और कपिल शर्मा एक ही कॉलेज के हैं और दोनों में सिर्फ एक बैच का अंतर था. दोनों कॉलेज के यूथ फेस्टिवल साथ मिलकर करते थे. कपिल थिएटर के लिए जाते थे, जबकि सुगंधा सिंगिंग की जिम्मेदारी संभालती थीं. उस दौरान ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ का ऑडिशन हुआ तो उसमें राजबीर कौर और भारती सिंह के साथ सुगंधा मिश्रा भी चुनी गई थीं.
सुगंधा मिश्रा का शुरुआती करियर
सुगंधा मिश्रा ने बिग एफएम में बतौर रेडियो जॉकी अपना करियर शुरु किया था. इसके बाद उन्होंने कई जिंगल्स गाए, भजन गाए और डॉक्यूमेंट्रीज में गाने गाए. वो कुछ शॉर्ट फिल्मों में भी अपनी आवाज दे चुकी हैं. इसके बाद वो ‘बाल वीर’, ‘द कपिल शर्मा शो’ और ‘ड्रामा कंपनी’ जैसे कॉमेडी शोज में नजर आईं.

सुगंधा ने मराठी कॉमेडियन और को-स्टार संकेत भोसले से साल 2021 में शादी की. साल 2023 में सुगंधा ने एक बेटी को जन्म दिया और इस समय सुगंधा हैपिली मैरिड लाइफ जी रही हैं.
ये भी पढ़ें:- बेहद ग्लैमरस हैं शाहरुख खान की लाडली सुहाना खान, एक्ट्रेस के इन लुक्स से नहीं हटा पाएंगे नजरें
