सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक Swiggy डिलीवरी राइडर अपनी मां और नानी को ऐसा सरप्राइज देता दिखाई दे रहा है, जिसे देखकर आपके चेहरे पर भी मुस्कान आ जाएगी. वीडियो में परिवार की खुशी देखकर लोग भावुक हो रहे हैं. खास बात ये है कि ये कोई महंगा या लग्जरी गिफ्ट नहीं, बल्कि छोटे-छोटे पैसे जोड़कर खरीदा गया एक टीवी है.
कैमरा ऑन करते ही दिखाई नया टीवी
वायरल वीडियो में Swiggy डिलीवरी पार्टनर उदय हलदर अपने घर में नजर आते हैं. कैमरा जैसे ही टीवी की तरफ जाता है, उदय बड़े गर्व के साथ बताते हैं कि ये टीवी उन्होंने खुद खरीदा है. स्क्रीन पर टीवी सीरियल चल रहा है और उदय की खुशी उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रही है.
रोज की कमाई से बचाए थे थोड़े-थोड़े पैसे
उदय बताते हैं कि उन्होंने Swiggy में काम करते हुए अपनी कमाई में से थोड़ा-थोड़ा पैसा बचाया. इसी तरह धीरे-धीरे पैसे जमा किए और फिर अपने घर के लिए टीवी खरीद लिया. वायरल वीडियो में वह बताते हैं कि उन्होंने मेहनत की कमाई से ये टीवी अपने परिवार के लिए लाया है. यही बात इस पूरे वीडियो को खास बना देती है.
मां और नानी को दिखाया अपना सरप्राइज
टीवी खरीदने के बाद उदय सीधे अपनी मां और नानी के पास जाते हैं. वह दोनों से टीवी को लेकर उनकी खुशी पूछते हैं. इस दौरान उनकी नानी टीवी देखकर मुस्कुराती हैं और सिर हिलाकर अपनी खुशी जाहिर करती हैं. उदय भी लगातार उनके चेहरे की खुशी कैमरे में कैद करते नजर आते हैं.
मां ने कहा- बहुत खुशी हुई
इसके बाद उदय अपनी मां से भी टीवी के बारे में कुछ कहने के लिए कहते हैं. उनकी मां मुस्कुराते हुए कहती हैं कि उन्हें बहुत खुशी हुई. इसके बाद वह अपने बेटे के गाल पर प्यार से किस कर देती हैं. बस यही छोटा सा पल वीडियो देखने वाले लोगों का दिल जीत रहा है.
महंगा गिफ्ट नहीं, बेटे की मेहनत ने जीता दिल
वीडियो में सबसे ज्यादा ध्यान उदय और उनके परिवार के बीच नजर आ रहा प्यार खींच रहा है. टीवी की कीमत से ज्यादा खास वो मेहनत है, जिसके बाद उदय इसे अपने घर लेकर पहुंचे. रोज लोगों तक खाना पहुंचाने वाले उदय ने अपनी कमाई का थोड़ा हिस्सा बचाया और उसी पैसे से अपनी मां और नानी के लिए खुशी खरीद ली.
सोशल मीडिया पर लोग बोले- यही असली खुशी है
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स उदय की जमकर तारीफ कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि आज के समय में जहां खुशी दिखाने के लिए बड़े-बड़े गिफ्ट और महंगी चीजें खरीदी जाती हैं, वहीं उदय ने अपनी मेहनत की कमाई से एक साधारण सा टीवी खरीदकर परिवार को खुश कर दिया. कई यूजर्स ने कहा कि मां और नानी के चेहरे की मुस्कान ही इस गिफ्ट की असली कीमत है.
यह भी पढ़ें: अब करो चोरी… ट्रेन में फोन चोर को महिला ने ऐसे दबोचा कि वायरल हो गया वीडियो
वीडियो ने लोगों को कर दिया भावुक
वायरल वीडियो को हजारों लोग देख चुके हैं और इसके कमेंट सेक्शन में उदय के लिए प्यार और सम्मान देखने को मिल रहा है. किसी ने उनकी मेहनत की तारीफ की तो किसी ने कहा कि मां के चेहरे पर बेटे की मेहनत से आई खुशी से ज्यादा खूबसूरत कुछ नहीं हो सकता. वीडियो की सबसे खास बात यही है कि इसमें कोई बड़ा दिखावा नहीं है. बस एक बेटा है, उसकी मेहनत है और अपने परिवार को खुश देखने की छोटी सी ख्वाहिश है.
यह भी पढ़ें: 50 और 10 का नोट जोड़कर चीज खरीदने पहुंच गई मासूम, दुकानदार का रिएक्शन वायरल
