टीवी शोज के अपकमिंग एपिसोड्स में इस बार खूब ड्रामा और ट्विस्ट देखने को मिलने वाले हैं. ‘अनुपमा’ से लेकर ‘वसुधा’ और ‘गंगा माई की बेटियां’ तक, कई शोज की कहानी में बड़े बदलाव आने वाले हैं. कहीं रिश्तों में बढ़ेगी दूरियां, तो कहीं सामने आएंगे चौंकाने वाले राज. वहीं, ‘तुम से तुम तक’ में भी अनु और आर्य की जिंदगी में नया मोड़ देखने को मिलेगा.
‘अनुपमा’
रुपाली गांगुली के पॉपुलर शो ‘अनुपमा’ के अपकमिंग एपिसोड में अनुपमा के घर खरीदने के सपने को बड़ा झटका लगने वाला है. घर के लिए दी गई डाउन पेमेंट लेकर एजेंट फरार हो जाएगा, जिससे अनुपमा मुश्किल में फंस जाएगी. उसे शक होगा कि इस धोखाधड़ी के पीछे गौतम और तोषू का हाथ है. इसके बाद अनुपमा हाथ में रस्सी लेकर दोनों का पर्दाफाश करने निकल पड़ेगी. वहीं, दिग्विजय भी अनुपमा पर तंज कसते हुए उससे सवाल करेगा कि वो सिर्फ सपने देखेगी या उन्हें पूरा करने के लिए कुछ करेगी. दूसरी ओर, राही भी एक बड़ा फैसला लेने वाली है. वो ‘अनुज कैफे’ को प्रेम के नाम करने का फैसला करेगी, जिसके बाद कोठारी हाउस में जमकर हंगामा देखने को मिलेगा.
‘वसुधा’
जी टीवी को लोकप्रिय शो ‘वसुधा’ के अपकमिंग एपिसोड में चौहान मेंशन में जमकर ड्रामा देखने को मिलेगा. वसुधा से गलती से करिश्मा की कार का शीशा टूट जाएगा, लेकिन उसे बचाने के लिए देवांश और अविनाश चंद्रिका देवी से झूठ बोलेंगे. वहीं, चंद्रिका की एनिवर्सरी पार्टी में करिश्मा जब हनुमंत के साथ बदसलूकी करेगी तो वसुधा अपने पिता का अपमान बर्दाश्त नहीं कर पाएगी और स्वीटी-करिश्मा को करारा जवाब देगी. प्रभात द्वारा चंद्रिका को गिफ्ट की गई पेंटिंग आग की वजह से जल जाएगी. हालांकि, वसुधा चंद्रिका को आग से बचा लेगी, लेकिन गुस्से में देवांश सभी के सामने उसे थप्पड़ मार देगा. बेटी के अपमान से आहत हनुमंत चंद्रिका से माफी मांगकर वसुधा और रघु को लेकर चौहान मेंशन छोड़ देगा. बाद में देवांश को अपनी गलती का एहसास होगा और वो वसुधा से माफी मांगने पहुंचेगा.
ये भी पढ़ें:- वरुण-लावण्या ने रिवील किया बेटे का चेहरा, पहले बर्थडे पर शेयर की वायु की क्यूट तस्वीरें
‘गंगा माई की बेटियां’
जी टीवी के शो ‘गंगा माई की बेटियां’ के अपकमिंग एपिसोड में स्नेहा अपनी मां गंगा माई को बता देगी कि दुर्गावती सिद्धू से उसका तलाक कराना चाहती हैं. ये सुनकर गंगा माई स्नेहा को जमकर खरी-खोटी सुनाएगी. वहीं, दुर्गावती की तलाक की धमकी के बाद स्नेहा खुद को बेगुनाह साबित करने और सिद्धू के साथ अपना रिश्ता बचाने के लिए बड़ा कदम उठाने वाली है. दूसरी ओर, मधु की प्रेग्नेंसी का राज भी अब बड़ा बवाल खड़ा करेगा. स्नेहा को मधु की प्रेग्नेंसी से जुड़ा एक बड़ा सच पता चल चुका है, जिसे मधु पूरे परिवार से छिपाना चाहती है. वहीं, सिद्धू दुर्गावती की तलाक की मांग का विरोध करेगा, लेकिन इंदु और पूर्वी की साजिश के चलते सिद्धू और स्नेहा एक बार फिर दूर होते नजर आएंगे.
‘तुम से तुम तक’
टीवी शो ‘तुम से तुम तक’ में कहानी एक दिलचस्प मोड़ लेने वाली है. अनु की कोशिशों से आर्यवर्धन उसी मंदिर में पहुंच जाएगा, जहां गायत्री मां मौजूद हैं. अनु चाहती है कि सालों के इंतजार के बाद आखिरकार मां और आर्यवर्धन का मिलन हो. वहीं, इस दौरान अनु और आर्य के बीच भी एक रोमांटिक पल देखने को मिलेगा, जब अनु अचानक आर्य की बाहों में जा गिरेगी. दूसरी ओर, आर्यवर्धन अपनी जिंदगी में नई शुरुआत करने वाला है. वो अपना नया बिजनेस शुरू करेगा और इस दिशा में एक बड़ा कदम उठाएगा. अब देखना होगा कि गायत्री मां और आर्यवर्धन के इस मिलन के बाद अनु की जिंदगी में क्या बदलाव आते हैं और मीरा उसके खिलाफ कौन-सी नई चाल चलती है.
ये भी पढ़ें:- कुणाल खेमू की ‘वाइब’ में क्यों लिया गया ‘पठान’ और ‘टाइगर’ का नाम? एक्टर ने किया खुलासा
