ट्विशा शर्मा मौत मामला में दोबारा पोस्टमार्टम की इजाजत हाई कोर्ट ने दी है. अब ट्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम होगा. उसके शव को माइनस 80 डिग्री तापमान में रखा जाएगा. दिल्ली या जम्मू ऐम्स में दोबारा पोस्टमार्टम होगा. ट्विशा के पति समर्थ सिंह के वकील ने अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली. समर्थ के वकील मृगेंद्र सिंह ने कहा दोबारा पोस्टमार्टम से प्रदेश के डॉक्टरों से भरोसा उठ जाएगा. सरकार की ओर से महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने कहा कि दोबारा पोस्टमार्टम से कोई आपत्ति नहीं है. ट्विशा शर्मा की बॉडी को एम्स भोपाल में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए.
33 वर्षीय ट्विशा शर्मा के परिवार ने उनके ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर मौत के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है. वहीं, सिंह परिवार का दावा है कि ट्विशा नशीले पदार्थों की आदी थीं. पुलिस ने समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.
समर्थ का आरोप- सहानुभूति बटोरना चाहते हैं ट्विशा के घरवाले
पुलिस ने समर्थ सिंह की गिरफ्तारी में मदद करने वाले के लिए नकद इनाम की घोषणा की है. साथ ही पुलिस ने उसका पासपोर्ट निरस्त कराने के लिए अदालत का रुख किया है. अपने आवेदन में, फरार आरोपी ने दावा किया कि शिकायतकर्ता द्वारा प्रस्तुत व्हाट्सएप चैट संपादित और अधूरी है. उन्होंने आरोप लगाया कि व्हाट्सएप चैट के साथ छेड़छाड़ की गई है, जिस पर भरोसा नहीं किया जा सकता है.
समर्थ ने ट्विशा को भेजे गए पैसों के संबंध में स्क्रीनशॉट भी संलग्न किए और दावा किया कि उनकी ओर से दहेज उत्पीड़न के आरोप बहुत निराशाजनक हैं. समर्थ के अधिवक्ता मृगेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि इस घटना के बाद ‘सहानुभूति की लहर’ बटोरने के लिए ट्विशा के परिजनों की ओर से नयी कहानी प्रस्तुत की जा रही है, जिसमें कोई सच्चाई नहीं है.
