हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर अब गांव में पंचायत का दौर शुरू हो गया है. अंकित की हत्या के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो कथित आरोपियों सुमित और मोहित को मुठभेड़ में मार गिराया था. लेकिन परिवार और ग्रामीणों का कहना है कि अभी उन्हें पूरा न्याय नहीं मिला है. इसी मांग को लेकर गांव में हुई पंचायत में बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत और खामबेदार बाबा श्याम सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.
26 अगस्त की शाम करीब 6 बजकर 45 मिनट पर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वारदात के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और मामले में कई संदिग्धों के नाम सामने आए. पुलिस कार्रवाई के दौरान सुमित और मोहित की मुठभेड़ में मौत हो गई.
अंकित बालियान को न्याय दिलाने को लेकर गांव में पंचायत
इसके बाद अब अंकित बालियान को न्याय दिलाने की मांग को लेकर गांव में पंचायत आयोजित की गई. पंचायत में मौजूद लोगों ने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने परिवार को जल्द न्याय दिलाने का भरोसा दिया था, लेकिन अभी तक परिवार को सिर्फ आधा न्याय मिला है. पंचायत में मौजूद बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत और बाबा श्याम सिंह ने कहा कि परिवार को तब तक पूरा न्याय नहीं मिलेगा, जब तक हत्याकांड में फरार बताए जा रहे अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई नहीं होती.
वहीं अंकित के पिता का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई के बाद उन्हें कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन उनका दर्द और न्याय की मांग अभी खत्म नहीं हुई है. पिता के मुताबिक, जब तक सत्यम और आर्यन के खिलाफ भी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उन्हें पूरा न्याय नहीं मिलेगा. परिवार का आरोप है कि पुलिस लगातार जल्द कार्रवाई का भरोसा देती रही, लेकिन अभी तक दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. ‘हमें आधा न्याय मिला है. जब तक सत्यम और आर्यन के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक हमें पूरा न्याय नहीं मिलेगा. पुलिस ने जल्द न्याय का भरोसा दिया था, लेकिन अभी तक इंतजार है.’
पानीपत: फेसबुक कमेंट पर नाबालिग को निर्वस्त्र करके पीटा, 2 गिरफ्तार
‘अगर जल्द न्याय नहीं मिला तो खुद न्याय लेने को होंगे मजबूर’
पंचायत में यह भी ऐलान किया गया कि कल शाम 5 बजे दोबारा पंचायत बुलाई गई है. इस पंचायत में आसपास के गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचेंगे. इसी दौरान एक बड़ी महापंचायत की घोषणा किए जाने की बात कही जा रही है. पंचायत का नाम ‘अंकित बालियान हत्याकांड न्याय पंचायत’ रखा गया है. ग्रामीणों का कहना है कि वह शांतिपूर्ण तरीके से अपने न्याय की मांग रखेंगे और प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग करेंगे.
हालांकि पंचायत में कुछ लोगों की ओर से यह भी कहा गया कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला तो वे खुद न्याय लेने के लिए मजबूर होंगे. ऐसे बयानों के बीच पुलिस-प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती भी रहेगी. अब नजर कल शाम होने वाली पंचायत पर है, जहां हजारों लोगों के जुटने और आगे की रणनीति तय होने की बात कही जा रही है. पंचायत में लिए जाने वाले फैसले के बाद मामला किस दिशा में जाता है, यह देखना अहम होगा.
गुरुग्राम में दिनदहाड़े शख्स की हत्या, एक बाइक पर आए थे 3 बदमाश
