भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी को लेकर खुलकर अपनी बात रखी है. 36 वर्षीय भुवनेश्वर ने कहा कि अब उनका पूरा फोकस भारतीय टीम में वापसी करने पर नहीं है. वह सिर्फ इसलिए क्रिकेट खेल रहे हैं क्योंकि उन्हें इस खेल से प्यार है और अब वह मैदान के अंदर और बाहर बेहतर संतुलन के साथ अपने करियर का आनंद लेना चाहते हैं.
भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए 21 टेस्ट, 121 वनडे और 87 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. उन्होंने आखिरी बार नवंबर 2022 में टीम इंडिया की ओर से मैच खेला था. इसके बाद वह घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार सक्रिय रहे. आईपीएल 2026 में वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की खिताबी टीम का हिस्सा भी रहे.
‘अब कुछ हासिल करना बाकी नहीं है’
RCB पॉडकास्ट में भुवनेश्वर कुमार ने कहा, ‘मैं पहले ही भारत के लिए खेल चुका हूं. यह ऐसी चीज नहीं है जिसे मुझे अब हासिल करना है. अगर मुझे एक और मौका मिलता है, तो यह बहुत अच्छी बात होगी, लेकिन मैं यह अनुभव पहले ही ले चुका हूं. अब मैं जो कुछ भी कर रहा हूं, वह खेल के प्रति मेरे प्यार की वजह से है. मुझे पता है कि मुझे अनुशासित रहना होगा.’
परिवार ने बदलाव स्वीकार करने में की मदद
भुवनेश्वर ने बताया कि इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर होने के बाद उनके परिवार ने इस बदलाव को सहजता से स्वीकार करने में उनकी काफी मदद की. उन्होंने कहा कि अब वह पहले से ज्यादा शांति के साथ क्रिकेट का आनंद ले पा रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं आईपीएल और घरेलू क्रिकेट इसलिए खेल रहा हूं क्योंकि मुझे यह खेल पसंद है. जब आप युवा होते हैं और भारत के लिए खेलते हैं, तो आप कहते हैं कि आपको खेल से प्यार है. लेकिन सच कहूं तो, ‘जो आपके कंट्रोल में है उस पर ध्यान दें’, ‘ज़्यादा न सोचें’ या ‘खेल के जुनून के लिए खेलना’ जैसी बातों को मैं अब असल में महसूस कर सकता हूं.’
यह भी पढ़ें- CWG 2026 भव्य क्लोजिंग समारोह के साथ खत्म, भारत को मिली 2030 की मेजबानी
घरेलू क्रिकेट पर पूरा फोकस
भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि वह खुद को मैच फिट रखने के लिए लगातार घरेलू क्रिकेट और यूपी टी20 लीग खेलते हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं घरेलू क्रिकेट खेलता हूं और यूपी टी20 लीग भी खेलता हूं. मैं यह पक्का करता हूं कि मैं टच में रहने के लिए काफी क्रिकेट खेलूं और साथ ही रिकवर होने और तरोताजा रहने के लिए पर्याप्त ब्रेक भी लूं.’
यह भी पढ़ें- श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में इन 3 भारतीयों पर रहेगी सबकी नजर
