ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के अंदर चल रहा विवाद चुनाव आयोग तक पहुंच गया है. टीएमसी के बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी के गुट के लोगों ने गुरुवार (2 जुलाई) को चुनाव आयोग से मुलाकात की. अब चुनाव आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों गुटों को नोटिस भेजा है. आयोग ने ममता बनर्जी और ऋतब्रत बनर्जी को नोटिस भेजा है और इसको लेकर जवाब भी मांगा है. चुनाव आयोग ने असली टीएमसी को लेकर सवाल किया है.
इलेक्शन कमीशन ने ममता और ऋतब्रत गुट को टीएमसी को लेकर किए जा रहे दावों को लेटर लिखा है. इसके साथ ही उन्हें सोमवार (6 जुलाई) शाम 5:30 बजे तक अपने जवाब दाखिल करने के लिए कहा गया है.
बागी गुट ने चुनाव आयोग से की मुलाकात
ऋतब्रत के नेतृत्व वाले बागी गुट ने कहा कि निर्वाचन आयोग की पूर्ण पीठ ने पार्टी पर उसके दावे को लेकर उनकी बात धैर्यपूर्वक सुनी. बागी गुट ने उम्मीद जताई कि आयोग जल्द ही इस पर कोई जवाब देगा. इस बीच, ममता बनर्जी खेमे ने बागी गुट को मिलने का समय देने के आयोग के फैसले पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि यह बैठक आयोग की अपनी प्रक्रियाओं का उल्लंघन है.
ममता गुट ने चुनाव आयोग से किया सवाल
बंगाल चुनाव में हार के बाद से ही टीएमसी में उठापटक शुरू हो गई थी, जो कि अभी तक थम नहीं सकी है. ममता गुट ने बागी गुट के नेताओं के चुनाव आयोग से मिलने के बाद सवाल उठाया है. ममता गुट ने कहा है कि चुनाव आयोग ने यह फैसला लेकर अपने ही नियमों का उल्लंघन किया है. अब यह देखना होगा कि 6 जुलाई को चुनाव आयोग दोनों गुटों को लेकर क्या फैसला करता है.
यह भी पढ़ें : तेहरान से मशहद तक… 6 दिनों तक चलेगा अयातुल्लाह खामेनेई के अंतिम संस्कार का कार्यक्रम, सामने आया पूरा शेड्यूल
