Headlines

आमिर से पहले ब्रिटिश नागरिकता लेकर IPL में खेला था यह पाकिस्तानी खिलाड़ी


ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर एक बार फिर सुर्खियों में हैं. क्रिकेट फैंस के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अब वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलते नजर आएंगे. नियमों के मुताबिक आमिर अब IPL नीलामी के लिए अपना नाम दर्ज कराने के पात्र हैं, लेकिन उन्होंने फिलहाल इस संभावना पर कोई स्पष्ट फैसला नहीं लिया है.

मोहम्मद आमिर इस समय इंग्लैंड की ‘द हंड्रेड’ लीग में स्थानीय खिलाड़ी के तौर पर खेल रहे हैं. इससे पहले वह इस टूर्नामेंट में विदेशी खिलाड़ी के रूप में हिस्सा लेते थे. ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद उनकी स्थिति बदल गई है. दूसरी ओर, अब पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में उन्हें विदेशी खिलाड़ी के तौर पर खेलना होगा.

हाल ही में ‘द हंड्रेड’ के दौरान जब आमिर से IPL में खेलने की संभावना को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी उनकी प्राथमिकता पाकिस्तान सुपर लीग है. उन्होंने साफ किया कि फिलहाल उन्होंने IPL में खेलने के बारे में कोई योजना नहीं बनाई है. हालांकि उन्होंने यह भी नहीं कहा कि भविष्य में ऐसा कभी नहीं होगा. पिछले दो सीजन से IPL और PSL लगभग एक ही समय पर आयोजित हो रहे हैं. ऐसे में खिलाड़ियों के सामने किसी एक लीग को चुनने की चुनौती रहती है. IPL को दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग है, जहां दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं.

अजहर महमूद ब्रिटिश नागरिकता लेकर IPL खेले 

मोहम्मद आमिर से पहले भी एक पाकिस्तानी मूल का खिलाड़ी ब्रिटिश नागरिकता के आधार पर IPL खेल चुका है. यह खिलाड़ी पूर्व ऑलराउंडर अजहर महमूद हैं. उन्होंने पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के बाद ब्रिटिश नागरिकता हासिल की थी. इसके बाद वह 2012 से 2015 तक IPL का हिस्सा रहे. सबसे पहले उन्हें पंजाब किंग्स (तत्कालीन किंग्स इलेवन पंजाब) ने अपनी टीम में शामिल किया था. बाद में वह कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए भी खेले.

मोहम्मद आमिर का अंतरराष्ट्रीय करियर भी काफी सफल रहा है. 34 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले. इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 119, वनडे में 81 और टी20 में 71 विकेट अपने नाम किए. उन्होंने जून 2024 में आयरलैंड के खिलाफ अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था और टी20 विश्व कप 2024 के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया.

यह भी पढ़ें- जोस बटलर के नाम T20 इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड’

गौरतलब है कि IPL के पहले सीजन में शाहिद अफरीदी, शोएब अख्तर और शोएब मलिक जैसे कई पाकिस्तानी खिलाड़ी खेले थे. लेकिन 2008 के मुंबई आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव बढ़ गया. इसके बाद BCCI ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों की IPL में एंट्री पर रोक लगा दी. ऐसे में अब आमिर का भविष्य इस बात पर निर्भर करेगा कि वह IPL नीलामी में नाम देते हैं या नहीं.

यह भी पढ़ें- 3 दिग्गज गेंदबाज, जो वनडे क्रिकेट में कभी नहीं ले सके 5 विकेट हॉल 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *