Headlines

ईरान ने शांति के लिए बढ़ाया अमेरिका की ओर हाथ, होर्मुज खोलने को भी तैयार, पाक फिर बनेगा मध्यस्थ!


ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने अमेरिका से बातचीत का रास्ता खोलने की बात कही है. अराघची ने कहा है कि ईरान अमेरिका के साथ बातचीत के जरिए मौजूदा ‘न युद्ध, न शांति’ वाली स्थिति को खत्म करने के लिए तैयार है. उनके अनुसार, तेहरान एक ‘अच्छा, सम्मानजनक और गरिमापूर्ण समझौता’ चाहता है.

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा है कि ईरान अमेरिका के साथ बातचीत के जरिए मौजूदा ‘न युद्ध, न शांति’ वाली स्थिति को खत्म करने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि तेहरान एक ‘अच्छा, सम्मानजनक और गरिमापूर्ण समझौता’ चाहता है. उन्‍होंने कहा क‍ि होर्मुज स्‍ट्रेट को फिर से खोलने के लिए ईरान का दो दिवसीय प्रस्ताव भी अभी विचाराधीन है. अराघची ने यह भी स्‍पष्‍ट क‍िया क‍ि ईरान ऐसा कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगा, जिससे उसके सम्मान को ठेस पहुंचे या युद्ध के मैदान में मिली जीत कमजोर हो जाए. 

हर तरह की शांति के लिए तैयार ईरान

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की र‍िपोर्ट के अनुसार, हाल ही में ईरानी मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में अराघची ने कहा कि तेहरान कूटनीति के जरिए एक ऐसा स्थायी समझौता चाहता है जो उसके राष्ट्रीय हितों की रक्षा करे और भविष्य में किसी नए युद्ध को रोक सके. हालांकि इसके लिए जरूरी है कि अमेरिका साफ तौर पर समझौते की इच्छा जताए और भरोसा बहाल करने के लिए जरूरी कदम उठाए. 

होर्मुज स्‍ट्रेट खोलने के लिए तैयार ईरान 

ईरान की ओर से संघर्ष खत्म करने और होर्मुज स्‍ट्रेट को दोबारा खोलने के लिए शुरू में सात दिन की योजना पेश की गई थी. बाद में इसे घटाकर दो दिन कर दिया गया. अराघची के मुताबिक, इस योजना के तहत पहले दिन अमेरिका को अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करना होगा, जिसमें हाल ही में लगाए गए प्रतिबंधों को हटाना भी शामिल है. इसके बाद दूसरे दिन ईरान स्ट्रैट को खोल देगा और अमेरिका के साथ बातचीत शुरू करेगा.

अमेरिका की सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं

सिन्हुआ की र‍िपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि अमेरिका ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी. फिर भी अगर वॉशिंगटन वास्तव में किसी समझौते को लेकर गंभीर है, तो यह प्रस्ताव आज भी खुला है. अराघची ने कहा कि स्ट्रैट को खोलने के लिए ईरान की सात शर्तों को पूरा करना जरूरी है. हालांकि इन शर्तों को लागू करने के तरीके और समय-सीमा पर बातचीत की जा सकती है. जरूरत पड़ने पर दो दिन की अवधि को और भी कम करने पर चर्चा हो सकती है. उन्होंने कहा कि ईरान प्रस्ताव के तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं पर अमेरिका के साथ विशेषज्ञ स्तर की बातचीत करने को तैयार है, लेकिन इसके लिए पहले अमेरिका को अपना रुख बदलना होगा और भरोसा बढ़ाने वाले कदम उठाने होंगे.

पाकिस्तान फिर बनेगा मध्यस्थ

मध्यस्थों की भूमिका पर बोलते हुए अराघची ने कहा कि कतर और पाकिस्तान अभी भी ईरान और अमेरिका के बीच संदेशों का आदान-प्रदान कर रहे हैं और दोनों देशों के बीच संचार के मौजूदा चैनल सक्रिय हैं. फिलहाल ईरान को न तो मध्यस्थ बदलने की जरूरत महसूस हो रही है और न ही किसी नए देश को इस प्रक्रिया में शामिल करने की. अराघची ने कहा कि क्षेत्र में स्थायी शांति तभी संभव है, जब सभी देशों को इसमें शामिल किया जाए. उन्होंने कहा कि यह संभव नहीं है कि कुछ देश शांति और विकास का लाभ उठाएं, जबकि दूसरे देश प्रतिबंधों, आर्थिक दबाव और असुरक्षा का सामना करते रहें. उन्होंने कहा, जब हम अपने पड़ोसी देशों की सुरक्षा करते हैं तो हम अपनी सुरक्षा भी मजबूत करते हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *