साउथ सिनेमा के दिग्गज एक्टर और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. जांच में उनके दोनों कंधों में रोटेटर कफ इंजरी का पता चला, जिसके इलाज के लिए शनिवार, 11 जुलाई को उनकी 3.5 घंटे लंबी सर्जरी की गई थी. कुछ दिनों तक डॉक्टरों की निगरानी में रहने के बाद आखिरकार बुधवार, 15 जुलाई को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है.
हमारा दिल आभार से भरा है…
पवन कल्याण के हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होने की जानकारी खुद उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने दी है. उन्होंने हाल ही में इंस्टाग्राम पर हॉस्पिटल से एक्टर की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं. इसके साथ उन्होंने डॉक्टों का शुक्रिया अदा किया.
अन्ना कोनिडेला ने लिखा, ‘आज आखिरकार हमें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और हमारा दिल पूरी तरह आभार से भरा हुआ है. मेरे पति का सफल ऑपरेशन करने के लिए के लिए शुक्रिया. उनकी इतनी बेहतरीन देखभाल करने के लिए इस शानदार मेडिकल टीम का दिल से शुक्रिया. हम जानते थे कि वो सुरक्षित हाथों में हैं. इससे हमारे परिवार को एक अनमोल चीज मिली – मन की शांति.’
दोनों कंधों में थी गंभीर चोट, दो महीने बाद होगी दूसरी सर्जरी
सर्जरी करने वाले डॉक्टरों का धन्यवाद करते हुए उन्होंने आगे लिखा, ‘इस सफर के दौरान आपके हुनर के साथ-साथ आपकी दयालुता, समर्पण और सहानुभूति के लिए हम हमेशा आपके आभारी रहेंगे.’ बता दें कि पवन कल्याण दोनों कंधों में रोटेटर कफ की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे, जिसे उन्होंने सालों से नजरअंदाज किया हुआ था. डॉक्टरों ने पहले उनके दाहिने कंधे का ऑपरेशन किया है, जो करीब साढ़े तीन घंटे तक चला. उनके बाएं कंधे का ऑपरेशन अब से करीब दो महीने बाद किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- ‘जन नायकन’ की रिलीज डेट अनाउंस, इस दिन बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने आ रहे थलपित विजय
हैदराबाद के लिए रवाना हुए पवन कल्याण
हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, डॉक्टरों ने पवन कल्याण को तीन हफ्ते बाद फिजियोथेरेपी शुरू करने की सलाह दी है. उनके ऑपरेटेड कंधे को पूरी तरह से ठीक होने में लगभग चार महीने का समय लगेगा. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वो सीधे हैदराबाद स्थित अपने आवास के लिए रवाना हो गए हैं.
सुरेंद्र रेड्डी की फिल्म में नजर आएंगे पवन कल्याण
वर्क फ्रंट की बात करें तो पवन कल्याण को आखिरी बार फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ (2026) में देखा गया था. इस फिल्म से मेकर्स को बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन ये बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई. फिलहाल वो सुरेंद्र रेड्डी के निर्देशन में बन रही अपकमिंग फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- Main Vaapas Aaunga BO: ‘मैं वापस आऊंगा’ बनी इम्तियाज अली की तीसरी हाईएस्ट ग्रॉसिंग, इस फिल्म को पछाड़ बनाया रिकॉर्ड
