देश भर में दीपावली के त्योहार के बीच जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में रविवार (8 नवंबर, 2026) को सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के दो संदिग्ध ‘ओवरग्राउंड वर्करों’ (OGWs) को गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी तब हुई जब रूटीन चेकिंग के दौरान उनके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए.
यह ऑपरेशन कुलगाम पुलिस, सेना की 9 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 18वीं बटालियन ने मिलकर चलाया था.
चेकपोस्ट देख भागे संदिग्ध, सुरक्षा बलों ने पकड़ा
सुरक्षा बलों के अनुसार, रविवार को सुबह करीब साढ़े 11 बजे नाका चेकिंग के दौरान उनके पास से एक चीनी पिस्तौल, दो ग्रेनेड और गोला-बारूद बरामद किया गया. सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम पानीवाह में नाका लगाकर चेकिंग कर रही थी, तभी उन्होंने दो लोगों को रोका, जो एक बाग वाले इलाके से कुलगाम की तरफ आ रहे थे. उन्होंने चेकपोस्ट देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन संयुक्त सुरक्षा टीम ने तुरंत उन्हें रोक लिया और घेर लिया.
अधिकारियों ने बताया कि तलाशी लेने पर उनके पास से एक चीनी पिस्तौल, एक मैगजीन, 9 mm के दो राउंड गोला-बारूद और दो चीनी ग्रेनेड बरामद हुए.
कुलगाम पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की
संदिग्धों से शुरुआती पूछताछ के बाद जम्मू कश्मीर की कुलगाम पुलिस ने दोनों गिरफ्तार संदिग्धों की पहचान की जानकारी सार्वजनिक की. पुलिस ने बताया कि दोनों की पहचान मुनीब यासीन राथर और ताहिर बिलाल के रूप में की है. ये दोनों कुलगाम के बुगाम इलाके के रहने वाले हैं.
पुलिस ने यह भी बताया इस मामले में कुलगाम पुलिस स्टेशन में संबंधित कानूनी धाराओं के अंतर्गत FIR दर्ज कर लिया गया है, जिसकी संख्या 213/2026 है. वहीं, आगे की जांच चल रही है. पुलिस ने बताया कि वह अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि दोनों संदिग्धों को ये हथियार कैसे मिले और पकड़े गए लोगों की इसमें क्या भूमिका है.
यह भी पढ़ेंः दिवाली पर सैनिकों के बीच पहुंचे केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, जवानों को खिलाई मिठाई
