क्रिकेट में जब भी भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होता है तो रोमांच अपने चरम पर पहुंच जाता है. पूरी दुनिया के क्रिकेट फैंस इन दोनों देशों के मैच पर नजर रखते हैं. चाहे मुकाबला इंटरनेशनल क्रिकेट का हो, ए टीम का हो या अंडर-19 टीम का. रविवार को भी 2026 अंडर-19 एशिया कप में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने थीं. मुकाबला अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया. मैच तो उम्मीद के मुताबिक कांटे का हुआ, लेकिन जीत पाकिस्तान को मिल गई. दिवाली पर भारत की हार से भारतीय फैंस को करारा झटका लगा है. दरअसल, पिछले कुछ सालों से दोनों देशों के बीच एकतरफा मैच होते आए हैं. टीम इंडिया आसानी से पाक टीम को हराती आई है, लेकिन 8 नवंबर को हमजा जहूर ने मैच विनिंग शतक लगाकर भारतीय टीम से जीत छीन ली.
भारतीय टीम इस मुकाबले में पहले खेलने के बाद 46.3 ओवर में 209 रनों पर ऑल-आउट हो गई थी. भारत के लिए अर्जुन राजपूत ने 85 गेंद में 107 रनों की शानदार पारी खेली. इसके जवाब में भारतीय गेंदबाजों ने धमाकेदार शुरुआत की. एक समय पाकिस्तान ने सिर्फ 61 रनों पर पांच विकेट गंवा दिए थे. ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम आसानी से यह मैच जीत लेगी, लेकिन पाकिस्तान के लिए सात नंबर पर बैटिंग करने आए विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा जहूर ने 108 गेंद में नाबाद 100 रनों की पारी खेलकर पाकिस्तान को जीत दिला दी. 11 गेंद शेष रहते पाक ने 3 विकेट से मैच जीत लिया.
208 रन डिफेंड करने उतरी टीम इंडिया ने पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया था. उस्मान खान 16, जहांगीर बिलाल 05, अब्दुल कादिर 20, अहमद हुसैन 08 और कप्तान फरहान यूसफ 02 रन बनाकर आउट हो गए थे.
15वें ओवर में ही 61 रनों पर पाकिस्तान के 5 विकेट गिर गए थे. इसके बाद छह नंबर पर आए हसनैन अब्बास डार ने 67 गेंद में 38 और हमजा जहूर ने 108 गेंद में 100 रनों की पारी खेली. दोनों ने छठे विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी भी की. हसनैन अब्बास तो आउट हो गए थे, लेकिन हमजा जहूर जीत दिलाकर नाबाद लौटे.
भारत के लिए गेंदबाजी में मनल चौहान ने 3 विकेट चटकाए. वहीं मोहित उल्वा ने दो विकेट निकाले. इसके अलावा ईशान सूद और काव्या पटेल को एक-एक विकेट मिला.
यह भी पढ़ें-
कब, कहां और किस दिन खेला जाएगा भारत-न्यूजीलैंड का तीसरा वनडे? जानें A टू Z डिटेल्स
