यमन की राजधानी सना में हुए हवाई हमलों के एक दिन बाद ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने रविवार (8 नवंबर, 2026) को सऊदी अरब की राजधानी रियाद की ओर दो बैलिस्टिक मिसाइल दाग दिए. सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने रविवार को कहा कि उसने हूतियों की तरफ से रियाद को निशाना बनाकर दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर बीच हवा में ही नष्ट कर दिया. इसके पहले रियाद में जोरदार धमाकों की आवाजें भी सुनी गई थीं.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, धमाकों से कुछ देर पहले सऊदी सिविल डिफेंस विभाग ने रियाद इलाके में अलर्ट जारी किया था. बाद में अधिकारियों ने ऐलान किया कि खतरे की आशंका टल गई है. इसके बाद गठबंधन ने कहा कि उसने रियाद और देश के दक्षिणी इलाके में दागी गई दो क्रूज मिसाइलों को भी रोककर तबाह कर दिया.
दोनों पक्षों ने तोड़ा 2022 में हुआ सीजफायर
दोनों तरफ से जारी संघर्ष ने संयुक्त राष्ट्र (UN) की मध्यस्थता में 2022 में हुए युद्धविराम को पूरी तरह से तोड़ दिया है. दरअसल, हूतियों ने राजधानी सना पर कब्जे के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार को बहाल करने के लिए सऊदी अरब ने 2015 में कई अरब देशों के गठबंधन के साथ यमन में सैन्य हस्तक्षेप किया था.
फरवरी 2026 के बाद से मिडिल ईस्ट में जारी है संघर्ष
वहीं, नए सिरे से शुरू हुई यह लड़ाई व्यापक मिडिल ईस्ट युद्ध का एक नया मोर्चा बन गई है. यह युद्ध फरवरी 2026 में ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद शुरू हुआ था. इसके बाद जुलाई महीने में जब संघर्ष दोबारा शुरू हुआ, उसके बाद से हूती विद्रोही मिसाइलों और ड्रोन के जरिए सऊदी अरब के हवाई अड्डों, पोर्ट्स और ऑयल फेसिलिटीज को निशाना बना रहे हैं. वहीं, दूसरी तरफ सऊदी अरब ने यमन में हूतियों के ठिकानों पर कई बार एयर स्ट्राइक्स की कार्रवाई की है.
सना में सऊदी अरब ने की एयर स्ट्राइक
रविवार (8 नवंबर) को यह ताजा घटना ऐसे समय पर हुई है, जब एक दिन पहले ही हूतियों के कब्जे वाले यमन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया था कि सऊदी एयर स्ट्राइक्स में राजधानी सना के पास कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई. सऊदी अरब के अधिकारियों ने कहा कि वे इस घटना की जांच कर रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः PoK में गृहयुद्ध से हालात: मुजफ्फराबाद में हिंसा, रेंजर्स ने की फायरिंग, छोड़े आंसू गैस के गोले
