Headlines

‘हमेशा के लिए दफन हो जाएगी सपा और कांग्रेस की राजनीति’, विपक्ष पर भड़के CM योगी


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या की विरासत और विकास के प्रवाह को रोक पाने में विफल सपा और कांग्रेस के लोग अब घबराकर अयोध्या को बदनाम कर रहे हैं. अयोध्या के खिलाफ दुष्प्रचार करने इन वालों को यह मालूम है कि विरासत और विकास की यह यात्रा अगर ऐसे ही चलती रहेगी तो सपा और कांग्रेस की राजनीति हमेशा के लिए दफन हो जाएगी. उनके सामने अपनी पहचान का संकट खड़ा हो जाएगा, जिन्होंने कभी प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था.

मुख्यमंत्री ने कहा, “यह यात्रा इसी मजबूती के साथ एकजुट होकर जारी रहेगी तो कांग्रेस और सपा के सामने ही पहचान का संकट खड़ा हो जाएगा और इसीलिए दुष्प्रचार का सहारा लेना इन्होंने शुरू किया है.” मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले अयोध्या में ‘जय श्री राम’ बोलने पर प्रतिबंध लगाया जाता था, लाठी-गोली चलती थी. तब विपक्षी दलों के लोग कहते थे कि राम तो हुए ही नहीं. तब कहते थे कि अयोध्या में परिंदा नहीं पर मार सकता. तब ये लोग राम मंदिर के विरोध में फौज खड़ी करते थे. 

यह भी पढ़ें: बस्ती: शराब की दुकानों पर मिलावट का खेल, सील बंद बोतलों में मिला रहे थे पानी

उन्होंने कहा कि जो लोग अयोध्या में, अयोध्या के प्रवाह को रोक नहीं पाए थे, रामभक्तों के कारवां को प्रतिबंधित नहीं कर पाए थे, उसको किसी प्रकार से भी रोकने में जब विफल हुए, वही लोग आज अयोध्या को बदनाम करने में लगे हैं. 

वनवासियों के साथ मनायी दिवाली 

सीएम योगी दिवाली पर 8 नवंबर (रविवार) को वनटांगिया गांव जंगल तिनकोनिया नंबर तीन में वनवासियों के साथ दीपावली मनाने पहुंचे थे. उन्होंने बतौर मुख्यमंत्री लगातार दसवीं बार वनटांगियों के साथ दीपपर्व की खुशियां साझा कीं. श्रीअयोध्याधाम में शनिवार को दीपोत्सव का नया विश्व कीर्तिमान रचने के बाद रविवार पूर्वाह्न वनटांगिया गांव तिकोनिया नंबर तीन पधारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के विकास, ईको टूरिज्म, वैश्विक नगर बाजार आदि से जुड़ी 82.41 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. 

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को दीपावली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देकर सीएम योगी ने राम मंदिर निर्माण और अयोध्या सहित पूरे प्रदेश के तीव्र विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि सब कुछ हो सकता है, बस करने की इच्छाशक्ति होनी चाहिए. मुख्यमंत्री ने नशे के सौदागरों पर भी जोरदार हुंकार भरते हुए कहा कि उनकी सरकार नशे के सौदागरों को आबाद नहीं रहने देगी.

एक के लिए गांधी परिवार और दूसरे के लिए सैफई परिवार ही सबकुछ

सीएम योगी ने बिना दलों का नाम लिए कहा कि एक के लिए गांधी-नेहरू परिवार और दूसरे के लिए सैफई परिवार ही देश-प्रदेश है. और, हमारे लिए 25 करोड़ की आबादी का उत्तर प्रदेश, जिसमें चाहे वह किसी भी जाति, क्षेत्र का हो, गांव हो या शहर, गरीब हो या अमीर, निषाद हो, दलित हो, राजभर हो, चौहान हो, सभी को हम लोग एक परिवार के रूप में लेकर के चलते हैं और शासन की योजना के साथ जोड़ने का काम करते हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब 2017 में प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर यूपी में भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रदेश में बनी तो धड़ल्ले के साथ विकास कार्य हुए हैं. सड़कें बनी हैं, बिजली आई है, एयरपोर्ट बन रहे हैं, रेलवे की नई-नई लाइनें बिछ रही हैं, जनता-जनार्दन को बिना भेदभाव की सुविधाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है.

नशे के सौदागरों को आबाद नहीं रहने देंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी लोगों का आह्वान किया कि पर्व में दूसरों के साथ खुशियां साझा करते हुए नशा और जुआ से दूर रहें. उन्होंने कहा कि नशा नाश का कारण होता है और जुआ व्यक्ति को गुलाम बना देता है. इन दोनों कुप्रवृत्तियों से अच्छा खासा परिवार बिखर जाता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से नशे के सौदागरों पर प्रहार चल रहा है. माफिया उन्मूलन के बाद अगला प्रहार नशे के सौदागरों के खिलाफ ही प्रारंभ हुआ है. उन्होंने जोर देकर कहा,”जो लोग दूसरों के जीवन को बर्बाद करते हैं, हम उसको आबाद नहीं होने देंगे.” मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अच्छी सरकार जब आती है तो अच्छी सुविधाएं भी लेकर आती है और जब बुरी सरकार आती है तो नशे के सौदागरों के साथ मिलकर नौजवानों के भविष्य के खिलवाड़ करती है. 

अच्छी पढ़ाई करिए, नौकरी की गारंटी सरकार लेगी

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि अच्छी पढ़ाई करिए. नौकरी और रोजगार की गारंटी भाजपा की डबल इंजन की सरकार लेगी. उन्होंने अन्नदाता किसानों से अच्छी उपज पैदा करने की अपील की और कहा कि सरकार प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन से  उपज का कई गुना दाम उपलब्ध कराएगी.

अंग्रेजों के बाद कांग्रेस व सपा ने जंगल में भटकने को छोड़ दिया था वनटांगियों को

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम तो 14 वर्ष वनवास के बाद अयोध्या लौट आए थे लेकिन वनटांगिया समुदाय को पहले अंग्रेजों और फिर कांग्रेस व सपा की सरकारों ने सौ साल से अधिक समय जंगलों में भटकने के लिए, दर-दर की ठोकरें खाने के लिए छोड़ दिया था.  उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 56 वनटांगिया गांव थे, जिनका कोई पुरसाहाल नहीं था. 1947 में देश भले आजाद हो गया लेकिन इन वन्यगांवों को कभी आजादी नहीं मिल पाई थी. न इनका नाम मतदाता सूची में था, न यहां सड़क थी, न बिजली थी, न पानी था, न राशन कार्ड था, न स्कूल था, न चिकित्सालय था, न पेंशन की सुविधा थी और एक भी पक्का मकान भी नहीं था.

आज जंगल में मंगल है

सीएम योगी ने कहा कि आज हम दावे के साथ कह सकते हैं कि 2017 के बाद हुए विकास कार्यों से वनटांगिया गांवों के जंगल में मंगल है. उन्होंने कहा कि मैं लगातार 2007-08 से यहां आ रहा हूं. पिछले 10 वर्षों से मुख्यमंत्री के रूप में अयोध्या के बाद यहीं पर दीपावली मनाने के लिए आता हूं.

सपा-कांग्रेस का हर जवाब ‘ना’ और हमारा हर जवाब ‘हां’ में

मुख्यमंत्री ने 2017 से पूर्व और उसके बाद वनटांगिया गांव की स्थिति को लेकर सवाल जवाब के अंदाज में लोगों से संवाद किया. पूछा, क्या 2017 के पहले आपके लिए पक्की सड़क थी क्या, सरकार ने कोई स्कूल बनाया था क्या, सरकार ने बिजली दी क्या, सरकार ने पानी पीने की व्यवस्था की थी क्या? जनता ने इन सभी सवालों का जवाब ‘ना’ में दिया. 

इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा, 2017 के बाद आपके पास चलने के लिए सड़क है, आज आपके पास राशन कार्ड है, आज आपके पास पक्का मकान है, आज स्कूल है, आज आयुष्मान कार्ड है. जनता ने इन सभी बातों पर ‘हां’ की हुंकार भरी. तब बिजली नहीं थी। बहुत पढ़ाकू बच्चा भी ढिबरी की रोशनी में पढ़ने के लिए मजबूर था. आज आपके पास बिजली, सड़क, पेयजल आदि सभी सुविधाएं हैं. सीएम योगी कहा कि भाजपा नेतृत्व की एनडीए में और सपा-कांग्रेस के पीडीए में यही अंतर है. उनका (सपा-कांग्रेस) हर जवाब होता है ‘ना’ में, और हमारा हर जवाब होता है ‘हां’ में. वे पूछते नहीं थे और अब सरकार पूछने के लिए आ रही है.

परिवार की ही चिंता करने वालों से वंचितों के लिए उम्मीद करना दिवास्वप्न

मुख्यमंत्री ने कहा कि वनटांगिया गांवों के सभी लोग अति पिछड़ी जातियों, वंचित और दलित परिवारों से जुड़े हुए हैं. इन लोगों को 2017 के पहले भी सुविधाएं मिल सकती थीं, लेकिन इन सुविधाओं के लिए फुर्सत और इच्छाशक्ति चाहिए. जिन लोगों की इच्छाशक्ति समाप्त हो चुकी हो और जिन्होंने केवल अपने परिवार के बारे में सोचा हो, उन लोगों से उम्मीद करना कि वे लोग गरीबों, दलितों, वंचितों, अति पिछड़ी जातियों के बारे में सोचेंगे, ये अपने आप में दिवास्वप्न है.

वनवास का कालखंड समाप्त होने पर आता है रामराज्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामराज्य तब आता है जब दीपावली आती है. और, दीपावली तब आती है जब वनवास का कालखंड समाप्त होता है. आज इन वनटांगिया गांवों में वही रामराज्य आया है. कहा कि इसी रामराज्य की खुशी को बांटने के लिए, दीपावली मनाने के लिए वह वनटांगिया गांव के लोगों के बीच उपस्थित हुए हैं.

वर्तमान व भावी पीढ़ी को बताएं संघर्ष और सुविधा का इतिहास

मुख्यमंत्री ने वनटांगिया समुदाय का आह्वान किया कि अपने संघर्ष से सुविधा तक के इतिहास को संजो कर रखें. उन्होंने कहा कि इसे याद रखिए कि आपकी पहले क्या स्थिति थी, आपने क्या और कितना संघर्ष किया था और अब सुविधाओं की क्या स्थिति है. कहा कि वर्तमान के साथ भावी पीढ़ी को बताइए कि कैसे आपको 70 वर्षों तक सुविधाओं से वंचित रखा गया था और 2017 के बाद भाजपा की डबल इंजन सरकार ने कैसे आपको परिवार मानकर सुविधाओं और सरकार की योजनाओं से आच्छादित किया है. भाजपा सरकार ने ये कार्य आपके हितों के संवर्धन और खुशहाली के लिए किया है. 

मुख्यमंत्री ने वनटांगियों से कहा कि अपनी वर्तमान और भावी पीढ़ी को बताइए ये जो आवास बने हैं, जो जमीन मिली है, जो बिजली मिली है, ये भाजपा सरकार के कारण मिली है. बोलिए कि हम भी वंचित थे, हम भी गरीब थे, हम भी दलित थे, हम भी पिछड़े थे, लेकिन हमें वंचित रखा गया था. 

वोट बैंक नहीं थे वनटांगिया, इसलिए सुविधाओं से वंचित रखा

मुख्यमंत्री ने कहा कि चूंकि वनटांगिया गांवों के लोग मतदाता बनने से वंचित थे, किसी का वोट बैंक नहीं थे इसलिए पूर्व की सरकार में उन्हें सुविधाओं से वंचित रखा गया था. उन्हें सरकार की योजनाओं, मतदान और अपनी पंचायत चुनने के लिए  वंचित रखा गया था. सीएम ने कहा कि हमने आपको वोट बैंक नहीं बनाया बल्कि 2017 के बाद वनटांगिया गांवों को राजस्व गांव के रूप में मान्यता देकर इनका सभी प्रकार की सुविधाओं से आच्छादन किया है.

हमारे लिए रामकाज और राष्ट्रकाज एक

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लिए रामकाज और राष्ट्रकाज एक ही है. भगवान राम का भक्त होने के नाते हमने हर वनवासी, हर गिरवासी, हर वंचित, हर दलित को अपना बनाया है. उन्हें राम काज में सहयोगी बनाया है और राम काज वही है, जो राष्ट्र का काज है. उन्होंने हर तबके के लोगों से कहा कि हर परिस्थिति में सरकार आपके साथ खड़ी है.

योगी जी को सीएम के रूप में पाकर धन्य हुई यूपी की धरती : रविकिशन

कार्यक्रम में उपस्थित सांसद रविकिशन शुक्ल ने सीएम योगी का स्वागत करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री के रूप में पाकर यूपी की धरती धन्य हुई है. योगी जी के मुख्यमंत्री बनने से पहले यूपी में न सुरक्षा थी, न रोजगार था, न इलाज की सुविधा थी और न ही सड़कें थीं. जबकि आज सीएम योगी के नेतृत्व में हरेक क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर नजर आती है. 

उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि जब अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर में दर्शन करने जाएं तो उसके पहले सपा शासन में कारसेवकों पर गोली चलाने के लिए माफी मांगें. सांसद ने वनटांगिया समुदाय के लोगों से सीएम योगी के आत्मीय जुड़ाव का भावपूर्ण उल्लेख किया. 

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, कुशीनगर के सांसद विजय दूबे, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, श्रीराम चौहान, प्रदीप शुक्ल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, काशी से आए जगद्गुरु स्वामी संतोषाचार्य सतुआ बाबा, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, राजेश गुप्ता, संजीव राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, क्षेत्र पंचायत प्रशासक वंदना सिंह, रणविजय सिंह मुन्ना आदि प्रमुख रूप से मंच पर उपस्थित रहे. 

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया सीएम ने

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव और लोकार्पण-शिलान्यास समारोह के मंच से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को दीपावली का उपहार, प्रमाण पत्र आदि देकर सम्मानित किया. उद्यान विभाग के लाभार्थी वनटांगिया तिकोनिया नंबर तीन के राममिलन, वंशू, हिन्द देवी, कूटुरी, कृषि विभाग के कृषि यंत्रीकरण एवं फसल अवशेष प्रबंधन योजना के लाभार्थी पिपराइच ब्लॉक के इंद्रजीत (अनुदान 1.20 लाख), जंगल कौड़िया ब्लॉक के कौशल किशोर (अनुदान 1.20 लाख),  उद्योग विभाग के टूल किट योजना के लाभार्थी हलवाई ट्रेड के संजू साहनी, सुमन देवी, आयुष्मान योजना के लाभार्थी सुभावती, गोलू, चंदा, रामप्रीत, जितेंद्र, अमन, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण की लाभार्थी गंगोत्री, चंपा, अनु व सुलोचना को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान प्राप्त हुआ. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने वनटांगिया बस्तियों के मुखिया रामगणेश, रामदयाल, बलराम, विश्वम्भर, परमात्मा व  जयराम को भी सम्मानित किया. 

सीएम के हाथों मिला जिले को 82.41 करोड़ का दीपावली उपहार

वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में वनटांगिया दीपोत्सव मनाने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 82.41 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का दीपावली उपहार भी दिया. उन्होंने बटन दबाकर 77 करोड़  97 लाख  50 हजार रुपये के 26 विकास कार्यों का लोकार्पण और 4 करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये की लागत वाली 26 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया. 

शिलान्यास की प्रमुख परियोजनाओं में 3 करोड़ 65 लाख 11 हजार रुपये से बनने वाली रजही चौराहे से जंगल तिकोनिया नंबर तीन होते हुए पिपराइच मार्ग तक इंटरलॉकिंग सड़क, 4 करोड़ 84 लाख 81 हजार रुपये की लागत से कुसम्ही जंगल में ईको पार्क और पिपराइच नगर पंचायत में 1 करोड़ 95 लाख 51 हजार रुपये की लागत से वैश्विक नगर बाजार का निर्माण शामिल है. 

सीएम ने किया स्टालों का अवलोकन, बच्चों का कराया अन्नप्राशन

जंगल तिकोनिया नंबर तीन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंचीय कार्यक्रम के बाद यहां वन, कृषि, उद्यान, महिला कल्याण, बाल विकास, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, बेसिक शिक्षा, पशुपालन, स्वास्थ्य, ओडीओपी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, समाज कल्याण, खादी ग्रामोद्योग आदि विभागों की तरफ से स्टालों के माध्यम से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया. प्रदर्शनी के जरिये लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही थी.3 उन्होंने स्टालों पर रुककर वहां मौजूद लोगों से बातचीत भी की. 

इस दौरान उन्होंने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टाल पर बच्चों का अन्नप्राशन कराया और उन्हें खूब दुलारा. सीएम योगी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराकर उन्हें उपहार प्रदान किए. 

दीप जलाकर दीपोत्सव का शुभारंभ

स्टालों का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वनटांगिया गांव के भ्रमण पर निकले. वह सबसे पहले वनटांगिया समाज के मुखिया रामगणेश के घर पहुंचे. उनके घर के बाहर सजाई रंगोली के बीच दीप प्रज्वलित कर मुख्यमंत्री ने सभी गांववासियों के लिए दीपोत्सव का शुभारंभ किया. वहां उन्होंने एक बुजुर्ग महिला लक्ष्मीना देवी को दीपावली का उपहार भेंट किया. इसके बाद वह गांव में लोगों से मिले और उनका अभिवादन स्वीकार कर उनसे आत्मीय संवाद किया.

यह भी पढ़ें: देवरिया के पूर्व सांसद प्रकाश मणि त्रिपाठी का निधन, CM योगी ने जताया शोक



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *