केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) ने 17 अप्रैल को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 1 प्रवेश की दूसरी लॉटरी सूची जारी कर दी है. अब माता-पिता अपने बच्चे का प्रवेश स्टेटस घर बैठे ऑनलाइन देख सकते हैं. इसके लिए केवल रजिस्ट्रेशन नंबर की जरूरत होगी. अगर आपने अपने बच्चे के लिए आवेदन किया है तो अब इंतजार खत्म हुआ. आप केवीएस की आधिकारिक वेबसाइट kvsangathan.nic.in और admission.kvs.gov.in पर जाकर आसानी से पता कर सकते हैं कि आपका बच्चा चयनित हुआ है या प्रतीक्षा सूची में है. असम, केरल और पुडुचेरी के लिए यह परिणाम 10 अप्रैल को ही जारी कर दिए गए थे, क्योंकि वहां आम चुनाव के कारण तारीख में बदलाव किया गया था.
वेबसाइट पर लॉगिन करते ही बच्चे की स्थिति साफ दिखाई देगी. यदि स्टेटस में “Selected” लिखा है तो इसका मतलब है कि आपका बच्चा मुख्य सूची में है और अब आपको तय समय पर स्कूल जाकर जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. अगर “Waiting List” लिखा है तो घबराने की जरूरत नहीं है. इसका मतलब है कि आपका बच्चा कतार में है और यदि चयनित छात्र समय पर दस्तावेज जमा नहीं करते हैं तो सीट प्रतीक्षा सूची वाले बच्चों को दी जाएगी. लॉटरी के बाद दिया गया नंबर यह भी बताता है कि आपका बच्चा किस स्थान पर है.
दस्तावेज समय पर जमा करना है जरूरी
चयनित छात्रों के अभिभावकों को समय पर स्कूल पहुंचकर सभी जरूरी दस्तावेज जमा करना बहुत जरूरी है. यदि दस्तावेज पूरे नहीं हुए या समय पर जमा नहीं किए गए तो सीट रद्द हो सकती है और यह मौका प्रतीक्षा सूची के छात्र को मिल जाएगा. बालवाटिका प्रवेश के परिणाम पहले ही जारी हो चुके हैं और जिन बच्चों का नाम सूची में है, उन्हें अपने स्कूल में जाकर प्रवेश की पुष्टि करनी होगी.
कैसे होती है कक्षा 1 की प्रवेश प्रक्रिया
Balvatika और कक्षा 1 के प्रवेश के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज साथ ले जाना अनिवार्य है. इनमें जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, EWS या BPL प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), नौकरी करने वाले माता-पिता का सेवा प्रमाण पत्र, आरक्षित वर्ग के लिए जाति प्रमाण पत्र और RTE श्रेणी के लिए आय प्रमाण पत्र शामिल हैं. इन दस्तावेजों के बिना प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाएगी.
केवीएस में कक्षा 1 में प्रवेश पूरी तरह कंप्यूटराइज्ड लॉटरी सिस्टम से होता है ताकि पारदर्शिता बनी रहे और सभी को बराबर मौका मिले. आवेदन को RTE श्रेणी, सेवा प्राथमिकता और आरक्षित वर्ग जैसी अलग-अलग श्रेणियों में बांटा जाता है. हर श्रेणी में कंप्यूटर द्वारा यादृच्छिक तरीके से नाम चुने जाते हैं और फिर चयन सूची व प्रतीक्षा सूची जारी की जाती है. यदि सीटें खाली रहती हैं तो अगली प्रवेश सूची जारी की जाती है. तीसरी अस्थायी सूची 21 अप्रैल को जारी की जा सकती है.
कक्षा 2 से 12 तक प्रवेश की प्रक्रिया
कक्षा 2 से लेकर कक्षा 12 तक के प्रवेश ऑफलाइन तरीके से होते हैं और यह पूरी तरह सीट की उपलब्धता पर निर्भर करता है. इन कक्षाओं के लिए सूची अलग से जारी की जाती है. वहीं कक्षा 11 में प्रवेश, CBSE की कक्षा 10 के परिणाम घोषित होने के बाद शुरू होगा.
यह भी पढ़ें – BTSC Recruitment 2026: BTSC पॉलिटेक्निक इंस्ट्रक्टर भर्ती, 252 पदों पर मौका, जानें आवेदन प्रक्रिया और जरूरी जानकारी
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI
