श्रीनगर, 5 अगस्त, 2026: खलिन जोशी ने पांच-अंडर 66 का स्कोर बनाकर श्रीनगर के खूबसूरत रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में खेले जा रहे एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले जेएंडके ओपन 2026 के दूसरे दिन अपनी बढ़त सात शॉट तक पहुंचा दी। उनका कुल स्कोर 13-अंडर 129 है. दो शॉट की बढ़त के साथ दूसरे दौर की शुरुआत करने वाले बेंगलुरु के 33 वर्षीय खलिन ने पहले दौर के 63 के बाद एक और सधा हुआ प्रदर्शन किया. उन्होंने बोगी-मुक्त दौर में तीन बर्डी और एक ईगल बनाया. दिल्ली के राशिद खान और चंडीगढ़ के अंगद चीमा छह-अंडर 136 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर रहे.
10वें टी से शुरुआत करने वाले खलिन ने 12वें होल पर पांच-आयरन से गेंद को होल से दो फुट की दूरी पर पहुंचाकर दिन की पहली बर्डी बनाई. इसके बाद उन्होंने 13वें होल पर छह फुट का बर्डी पट किया. तीसरे होल पर लोब वेज से गेंद को होल से तीन फुट की दूरी पर पहुंचाने के बाद उन्होंने एक और बर्डी लगाई. उनके दौर का निर्णायक पल पार-5 सातवें होल पर आया,
खलिन ने अपनी ड्राइव फेयरवे के बीचों-बीच पहुंचाई और करीब 190 गज की दूरी से सात-आयरन लगाकर गेंद को होल से 20 फुट दूर पहुंचाया. इसके बाद उन्होंने लंबा पट होल कर ईगल बनाया. खलिन ने कहा, “यह दिन के मेरे सर्वश्रेष्ठ पट में से एक था. मैंने गेंद को काफी अच्छी तरह स्ट्राइक किया और कल की तुलना में आज ज्यादा मौके बनाए, लेकिन उतने मौकों को भुना नहीं सका, जिस तरह मैं गेंद को हिट कर रहा था, उसे देखते हुए मेरा स्कोर कुछ और कम हो सकता था. इसके बावजूद मैं अपने प्रदर्शन और विशेष रूप से बोगी-मुक्त दौर से बेहद खुश हूं.”
पूर्व एशियन टूर विजेता खलिन ने अप्रैल में आंध्र ओपन गोल्फ चैंपियनशिप का खिताब जीता था. उन्होंने शुरुआती 36 होल में सिर्फ एक शॉट गंवाया है. उनकी सप्ताह की एकमात्र बोगी पहले दौर के 17वें होल पर आई थी. सप्ताहांत के दोनों दौर से पहले मजबूत बढ़त हासिल करने के बावजूद खलिन उस रणनीति पर कायम रहना चाहते हैं, जिसने पहले दो दिनों में उन्हें सफलता दिलाई.
उन्होंने आगे कहा, “रणनीति सरल रहेगी. रफ काफी घनी है, इसलिए फेयरवे ढूंढना महत्वपूर्ण होगा। मैं बर्डी के मौके बनाना जारी रखूंगा और उम्मीद है कि अगले दो दौर में कुछ और पट होल कर सकूंगा.”
खलिन रॉयल स्प्रिंग्स के शांत वातावरण का भी आनंद ले रहे हैं, जहां खूबसूरत नजारों और कभी-कभार दिखाई देने वाले भालुओं ने उनके अनुभव को और यादगार बनाया है. उन्होंने कहा, “भालुओं को देखना रोमांचक है, हालांकि उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है. यहां के नजारे अविश्वसनीय हैं. मैं इस माहौल और अपनी अच्छी गोल्फ, दोनों का आनंद ले रहा हूं”
यह भी पढ़ें-
15 अगस्त को श्रीलंका में 600वां टेस्ट खेलेगा भारत, 599 मैच में कितने हारे और कितने जीते
