उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार (23 जुलाई) को गोरखपुरवासियों को एक ऐतिहासिक सौगात दी. सीएम योगी ने ट्रांसपोर्ट नगर-पैडलेगंज मार्ग पर बने शहर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का रेड कार्पेट पर फीता काटकर उद्घाटन किया. उद्घाटन के साथ ही इसे आम जनता के आवागमन के लिए खोल दिया गया है.
इस 2.6 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर को तैयार करने में 3 साल का समय लगा है और इसकी कुल लागत 429.49 करोड़ रुपये आई है. उद्घाटन के दौरान खास चर्चा का विषय फ्लाईओवर का डिवाइडर रहा, जिसे पूरी तरह से भगवा और सफेद रंग में रंगा गया है.
मुरादाबाद: जौहर यूनिवर्सिटी के लिए ‘संकट मोचन’ बनेगी सपा? डेलीगेशन ने कमिश्नर के सामने रखी ये मांग
सपा सरकार पर निशाना, गिनाए फ्लाईओवर के फायदे
उद्घाटन समारोह में जनता को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने पूर्व की समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “2017 से पहले यह संभव नहीं था क्योंकि सपा के शासनकाल में अराजकता थी और दंगे होते थे.”
फ्लाईओवर के फायदे गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सिक्सलेन और देवरिया बाईपास की ओर जाने वाले फोरलेन के बनने से 50 लाख से लेकर 1 करोड़ की आबादी को सीधा लाभ होगा. लोगों को अब ट्रैफिक जाम से नहीं जूझना पड़ेगा और उनके समय की काफी बचत होगी.
कनेक्टिविटी बेहतर होने का उदाहरण देते हुए सीएम ने कहा, “आज से 7-8 साल पहले लखनऊ से गोरखपुर की दूरी तय करने में 5 से 6 घंटे लगते थे, जो अब बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण घटकर मात्र ढाई से तीन घंटे रह गई है.”
साइंस म्यूजियम और अहिल्याबाई होलकर महिला हॉस्टल की घोषणा
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गोरखपुर के लिए कुछ और बड़ी घोषणाएं कीं. उन्होंने बताया कि गोरखपुर में जल्द ही एक ‘साइंस म्यूजियम’ (Science Museum) का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है. इसके साथ ही, कामकाजी महिलाओं की सुविधा के लिए ‘लोकमाता अहिल्याबाई होलकर’ के नाम पर एक श्रमजीवी महिला हॉस्टल का निर्माण कार्य भी प्रारंभ किया जाएगा.
भगवा रंग पर क्या बोले नेता और जनता?
फ्लाईओवर के डिवाइडर और आयोजन स्थल को भगवा रंग में रंगे जाने पर राजनीतिक और आम प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं. बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, गोरखपुर ग्रामीण से विधायक विपिन सिंह और बीजेपी नेता विभ्राट चंद कौशिक ने कहा कि ‘भगवा सनातन का प्रतीक है’ और इस विकास कार्य पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. गोरखपुर के आम लोगों ने इस सौगात के लिए सीएम को धन्यवाद दिया और कहा कि डिवाइडर का रंग भगवा होने से कोई फर्क नहीं पड़ता.
ओबीसी पार्टी की प्रतिक्रिया
इस अवसर पर ओबीसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष काली शंकर यदुवंशी ने कहा कि विकास के रंग पर राजनीति ठीक नहीं है. उन्होंने कहा, “सपा सरकार थी तो वे लाल-हरे रंग का इस्तेमाल करते थे, आज बीजेपी की सरकार है तो वह भगवा रंग का इस्तेमाल कर रही है. लेकिन, अगर इस फ्लाईओवर के डिवाइडर को ‘तिरंगे के रंग’ में रंगा जाता तो हम सभी को और अधिक गर्व की अनुभूति होती.”
CJP के प्रदर्शन के बीच मायावती की अखिलेश यादव और राहुल गांधी को दो टूक, दिया बड़ा सियासी संदेश
