Headlines

टीम इंडिया के लिए खेल चुके 5 इंटरनेशनल खिलाड़ी, जिन्हें IPL 2026 में एक भी मैच खेलना का मौका नहीं मिला


इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां संस्करण प्लेऑफ राउंड में पहुंच गया है. रविवार को राजस्थान रॉयल्स के रूप में प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम भी कंफर्म हो गई, इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद क्वालीफाई कर चुकी थीं. 6 टीमों का सफर खत्म हो गया है. बेशक कई टीमों के लिए सीजन अच्छा नहीं रहा, लेकिन उनके कई खिलाड़ियों ने प्रभावित किया. इनमें कई ऐसे थे, जिनके लिए ये उनका पहला IPL सीजन था. हालांकि कई ऐसे बड़े नाम भी रहे, जो पूरे सीजन बेंच पर बैठे रहे. यहां हम उन 5 प्लेयर्स के बारे में बता रहे हैं, जो टीम इंडिया के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके हैं लेकिन इस साल टीम में होते हुए भी उन्हें एक मैच भी खेलने का मौका नहीं मिला.

पृथ्वी शॉ (DC)

दिल्ली कैपिटल्स ने पृथ्वी शॉ को उनके बेस प्राइस (75 लाख) पर खरीदा था. 26 वर्षीय पृथ्वी IPL में 2018 से खेल रहे हैं, वह अनुभवी हैं और 79 मैच खेल चुके हैं. वह टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट में इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं. उन्होंने 5 टेस्ट, 6 वनडे और 1 टी20 इंटरनेशनल मैच खेला है. हालांकि लगातार खराब प्रदर्शन के बाद वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं, उन्होंने 2021 में अपना आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला था.

पिछले साल तो वह IPL में अनसोल्ड रहे थे, लेकिन इस बार उनकी पुरानी फ्रेंचाइजी दिल्ली ने उन्हें खरीद लिया था. दिल्ली लीग स्टेज में अच्छा नहीं कर रही थी, बावजूद उन्होंने पृथ्वी शॉ को मौका नहीं दिया.

राहुल त्रिपाठी (KKR)

कोलकाता नाइट राइडर्स ने राहुल त्रिपाठी को 75 लाख रुपये में खरीदा, जो उनका बेस प्राइस था. वह 2020 और 2021 में KKR टीम का अहम हिस्सा थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने त्रिपाठी को रिलीज कर दिया था. पिछले संस्करण के बाद CSK ने भी उन्हें रिलीज कर दिया, हालांकि वह IPL 2026 के लिए KKR द्वारा खरीदे तो गए लेकिन पूरे सीजन बेंच पर ही बैठे रहे.

राहुल त्रिपाठी भारत के लिए 5 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं, हालांकि उसमे भी उनके नाम 5 पारियों में सिर्फ 97 रन हैं. राहुल को IPL 2026 में एक भी मैच खेलने को नहीं मिला.

यह भी पढ़ें- पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का दावा- अगले सीजन इन चार टीमों के बदल सकते हैं कप्तान

उमरान मलिक (KKR)

तेज गेंदबाज उमरान मलिक भारत के लिए 10 वनडे और 8 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं. उमरान को कोलकाता ने IPL 2026 के लिए 75 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन उन्हें एक भी मैच में प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गया. उमरान ने 2024 में SRH के लिए भी पूरे सीजन सिर्फ 1 ही मैच खेला था, तब से अभी तक नहीं खेल पाए हैं.

कुलदीप सेन (RR)

राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ में पहुंच गई है, जो एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी. राजस्थान में शामिल कुलदीप सेन भी पूरे सीजन बेंच पर बैठे रहे हैं. वह टीम इंडिया के लिए 1 वनडे मैच खेल चुके हैं. हालांकि राजस्थान का कम से कम एक मैच बाकी है, लेकिन मुश्किल है कि इस गेंदबाज को मौका मिलेगा. कुलदीप को राजस्थान ने 75 लाख रुपये में खरीदा था

यह भी पढ़ें- पर्पल कैप की रेस में जोफ्रा आर्चर की एंट्री, सुदर्शन के पास ऑरेंज कैप

जयंत यादव (GT)

गुजरात टाइटंस प्लेऑफ में पहुंच गई है, जिन्हें फाइनल में पहुंचने के 2 मौके मिलेंगे क्योंकि टीम ने अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया. GT ने जयंत यादव को 75 लाख रुपये में रिटेन किया था, जो भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 6 टेस्ट और 2 वनडे खेल चुके हैं. हालांकि गुजरात ने लीग स्टेज के 14 मैचों में जयंत को प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया, ऐसे में उनका प्लेऑफ में खेलना भी मुश्किल है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *