ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने अमेरिका पर बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि अमेरिका ने इजरायल के हितों के लिए अपने सहयोगी देशों की सुरक्षा को खतरे में डाल दिया. गालिबफ ने यह भी दावा किया कि ईरान को कई पड़ोसी देशों से क्षेत्र में नई सुरक्षा व्यवस्था और आर्थिक सहयोग को लेकर संदेश मिले हैं.
गालिबफ ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि ईरान को पड़ोसी देशों की ओर से क्षेत्र में नई सुरक्षा व्यवस्था बनाने और आर्थिक सहयोग बढ़ाने को लेकर कई संदेश मिले हैं. हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि किन-किन देशों ने ईरान से संपर्क किया है. उनका कहना है कि मौजूदा हालात के बीच पश्चिम एशिया के देशों में अपनी सुरक्षा और आर्थिक रिश्तों को लेकर नए विकल्पों पर विचार बढ़ रहा है.
अमेरिका पर लगाया सहयोगियों को खतरे में डालने का आरोप
गालिबफ ने अमेरिका की नीति पर निशाना साधते हुए कहा कि इजरायल के लिए अमेरिका ने अपने सहयोगी देशों की सुरक्षा को जोखिम में डाल दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका ने दबाव बनाने और दूसरे देशों के हितों की अनदेखी करने की नीति अपनाई, जिससे उसके सहयोगी भी खुद को खतरे में महसूस करने लगे. गालिबफ ने इसके साथ ही कहा कि पश्चिम एशिया में शांति और सुरक्षा के लिए क्षेत्र के देशों पर आधारित एक स्वतंत्र व्यवस्था जरूरी है. उनके मुताबिक, ऐसी व्यवस्था बाहरी ताकतों पर कम निर्भर होगी.
ईरान का क्षेत्रीय सहयोग पर जोर
गालिबफ का यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान अमेरिका के बढ़ते आर्थिक दबाव और संभावित नए प्रतिबंधों का सामना कर रहा है. इसी बीच वह क्षेत्रीय देशों के साथ आर्थिक सहयोग बढ़ाने की बात भी कर रहे हैं. इससे पहले उन्होंने ईरान और इराक के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग बढ़ाने की जरूरत बताई थी. ईरान का कहना है कि क्षेत्रीय देश अगर आपसी व्यापार और सुरक्षा सहयोग बढ़ाते हैं तो वे बाहरी दबाव का बेहतर तरीके से सामना कर सकते हैं.
अमेरिका-ईरान तनाव के बीच आया बयान
गालिबफ का बयान अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच आया है. हाल के दिनों में अमेरिकी प्रशासन ने ईरान पर और कड़े आर्थिक कदम उठाने की चेतावनी दी है. अमेरिका उन देशों पर भी दबाव बनाने की बात कर रहा है जो ईरान के साथ कारोबार या अन्य आर्थिक संबंध बनाए रखते हैं.
