इरफान पठान ने पाकिस्तानी मीडिया पर आरोप लगाए हैं. उन्होंने उस झूठी खबर का जिक्र किया, जिसमें दिखाया गया कि बाबर आजम ने उन्हें इंटरव्यू देने से मना कर दिया था. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए इरफान ने बताया कि फर्जी कहानियां और ट्रोलिंग तो रोज का काम है. इरफान पठान ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर आने वाली हर चीज पर वे अपनी प्रतिक्रिया नहीं देते हैं. वो अगर हर चीज पर अपना रिएक्शन देने लगे तो अपनी जिंदगी नहीं जी पाएंगे.
इरफान पठान ने लगाए आरोप
दरअसल पाकिस्तानी मीडिया में एक वीडियो खूब चलाया और दिखाया गया था. उसमें दिखाया गया कि इरफान पठान किसी का इंटरव्यू ले रहे थे, लेकिन बाबर आजम बिना इंटरव्यू दिए वहां से चले गए थे. मगर उस वीडियो में एआई के माध्यम से इन्टरव्यू लेने वाले व्यक्ति की जगह इरफान पठान का चेहरा लगा दिया गया था.
एक शो पर चर्चा करते हुए इरफान पठान ने कहा, “ट्रोलिंग और फर्जी तस्वीरें और वीडियो आना रोज का काम है. हमारे पड़ोसी देश में एक बार स्टोरी चलाई गई कि मैं बाबर आजम का इंटरव्यू लेने गया था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया. उन्होंने मना करने का कारण बताया, ‘यह (इरफान) हमारे देश के खिलाफ बोलता है, इसलिए मैं इंटरव्यू नहीं दूंगा.’ वह झूठ फैलाया गया था. किसी ने फोटोशॉप के माध्यम से मेरा चेहरा चिपका दिया था.”
यह भी पढ़ें: 9 साल में 14 दिग्गजों का सफाया, बचे सिर्फ 2 खिलाड़ी; इतनी बदल गई टीम इंडिया
क्या है सच्चाई?
इरफान पठान ने खुद बताया कि इन्टरव्यू लेने वाला व्यक्ति बांग्लादेश का एक युवा रिपोर्टर था, जो पहली बार मैदान पर इंटरव्यू करने आया था, लेकिन बाबर आजम ने इंटरव्यू देने से मना कर दिया था. इरफान ने कहा कि उस युवा रिपोर्टर का चेहरा हटाकर उनका चेहरा लगा दिया गया और उस वीडियो पर लाखों में व्यूज आए और लोगों ने मान भी लिया था कि इंटरव्यू लेने वाला व्यक्ति इरफान पठान ही थे.
इरफान पठान ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच अक्टूबर 2012 में खेला था और साल 2020 में क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया था. वो उसके बाद वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ लीजेंडस और लीजेंडस लीग क्रिकेट में खेलते दिखे हैं, जो रिटायरर्ड क्रिकेटरों की लीग हैं. खैर क्रिकेट छोड़ने के बाद उन्होंने कमेंट्री और स्पोर्ट्स प्रेजेंटिंग का काम शुरू किया. वो इसके अलावा अपनी क्रिकेट अकादमी भी चलाते हैं.
यह भी पढ़ें:
रोहित शर्मा से पड़ी फटकार अब तक नहीं भूले जायसवाल, खास पोस्ट शेयर कर लिए मजे
