बलिया में पत्नी से विवाद के बाद आरोपी पति ने ससुराल में पहुंच कर अपनी पत्नी और सास-ससुर पर चाकू से हमला कर दिया, इस हमले में पत्नी और सास की मौत हो गई. वहीं, ससुर को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर दिया. यह घटना नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव की मध्य रात की बताई जा रही है. अब पुलिस की तीन टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
जानकारी के मुताबिक, यह मामला नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव से सामने आया है, जहां मध्य रात्रि को गड़वार थाना क्षेत्र सिंहाचौर गांव का रहने वाला अमित कुमार गुप्ता अपनी पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पहुंचा था. आरोपी ने अपनी पत्नी सुशीला देवी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. आरोपी ने बीच-बचाव करने पहुंचे सास-ससुर पर भी चाकू से हमला कर दिया.
पत्नी और सास की मौत, ससुर की हालत गंभीर
इस घटना में आरोपी अनिल गुप्ता की पत्नी सुशीला देवी और उसकी सास की मौत हो गई. वहीं आरोपी के ससुर को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें गंभीर हालत में उन्हें यहां के डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए वाराणसी हायर सेंटर रेफर कर दिया है. डॉक्टरों की निगरानी में घायल का इलाज किया जा रहा है.
एस.पी. ओमवीर सिंह ने बताया कि आज दिनांक-25/26 अप्रैल की मध्य रात्रि थाना नगरा के एक गांव से सूचना प्राप्त हुई थी कि वहां चाकू बाजी हुई है. एस.पी. ओमवीर सिंह ने बताया कि अमित कुमार गुप्ता नाम का शख्स जो मूल रूप से सिंहाचौर गड़वार थाने का रहने वाला है, उसकी ससुराल बछईपुर गांव नगरा में थी.
आरोपी के गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही पुलिस
उन्होंने बताया कि आरोपी ने विवाद के बाद रात्रि में आकर अपनी पत्नी पर हमला किया. बीच-बचाव करने पहुंचे सास-ससुर पर भी चाकू से हमला किया. इस हमले में पत्नी और सास की मौत हो गई. ससुर को घायल अवस्था में तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हे बेहतर इलाज हेतु वाराणसी रेफर किया गया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें दबिश दे रही है.
