Headlines

‘बिहार के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा केंद्र’, तेजस्वी यादव ने मांगा स्पेशल पैकेज


बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए विशेष पैकेज की मांग करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बिहार के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है. तेजस्वी ने कहा कि बाढ़ से लोगों का भारी नुकसान हो रहा है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है.

तेजस्वी यादव ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को राहत देने के लिए सरकार को तत्काल स्पेशल पैकेज देना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि बिहार का राजकीय खजाना खाली है और राज्य सरकार अपने स्तर पर प्रभावित लोगों को पर्याप्त मदद नहीं दे पा रही है. उन्होंने केंद्र से भी बिहार के लिए विशेष आर्थिक सहायता की मांग की.

यह भी पढ़ें- तेजस्वी यादव की लिस्ट पर रोहिणी नाराज! बोलीं- ‘निष्ठावान नेताओं का…’

‘लोगों को नहीं मिल रही सुविधाएं’

आरजेडी नेता ने कहा कि वह लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाकर लोगों से मिल रहे हैं. उनके मुताबिक, कई जगह बाढ़ पीड़ितों को जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों के घर, फसल और अन्य संपत्तियों को नुकसान हो रहा है, लेकिन सरकार की ओर से पर्याप्त राहत नहीं पहुंचाई जा रही.

15 जिलों में 47 लाख से ज्यादा प्रभावित

अधिकारियों के अनुसार बिहार के 15 जिलों में बाढ़ का असर है. इनमें पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अररिया शामिल हैं. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक इन जिलों में 47.33 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं.

इससे पहले तेजस्वी ने बिहार में आई भीषण बाढ़ को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखाकर 5,000 करोड़ रुपये के विशेष बाढ़ राहत पैकेज की मांग की थी. साथ ही तेजस्वी ने केंद्र सरकार से आग्रह किया था कि बिहार की बाढ़ को ‘राष्ट्रीय आपदा’ घोषित किया जाए.

लोग पहचान गए चाल और चरित्र- तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर बिहार के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि विशेष पैकेज क्यों नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि लोग अब सरकार की ‘चाल और चरित्र’ को पहचान चुके हैं. बाढ़ के बीच तेजस्वी का यह बयान बिहार में राहत और सहायता को लेकर राजनीतिक बहस को और तेज कर सकता है.

यह भी पढ़ें- आरा में घर में घुसकर समाजसेवी को मारी गोली, मौत के बाद हंगामा





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *