भारत पाकिस्तान के रिश्ते हमेशा से ही खटास भरे रहे हैं. लेकिन जब इन दो देशों के नागरिक आमने सामने मिलते हैं तो नजारा देखने लायक होता है. मन में कितना ही गुस्सा और कितने ही शिकवे क्यों न हों लेकिन अगर कोई पाकिस्तानी भारत आता है तो उसकी मेहमान नवाजी भारत वाले कैसे करते हैं वो पूरी दुनिया जानती है. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक पाकिस्तानी महिला अपने बेटे के इलाज के बारे में बात करती दिखाई दे रही है. महिला का कहना है कि उसके बेटे का ऑपरेशन भारत में हुआ और उसे यहां जो एक्सपीरियंस मिला उसे बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं.
पाकिस्तानी महिला ने सुनाया भारत में इलाज का अनुभव
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक पाकिस्तानी महिला कह रही है कि मेरे बेटे के लिवर और किडनी ट्रांसप्लांट को माशाअल्लाह 11 साल हो गए और वो एक दम सेहतमंद है और यूनिवर्सिटी जाता है. मुझसे आज भी लोग पूछते हैं कि आपने उसका इलाज इंडिया से कराया आपका एक्सपीरियंस कैसा था. आगे महिला कहती है कि यकीन मानिए जब हमें इंडिया जाना था तो हमें ऐसा लगता था कि हम किसी जंग पर जा रहे हैं. एक दुश्मन कहलाने वाला देश, पड़ोसी मुल्क, गैर मुल्क जहां न कोई रिश्तेदार है और न कोई दोस्त वहां जाने से पहले काफी बैचेनी थी. लेकिन जब हम पांच लोग वहां पहुंचे और मेरे कजिन जिन्होंने उसे डोनेट किए ऑर्गन तो वहां का माहौल एक दम हैरान कर देने वाला था.
बोली, यहां के डॉक्टर्स परिवार की तरह ट्रीट करते हैं
महिला का कहना है कि उसे वहां ऐसा लगा जैसे वो अपनों में आ गई है. हम केवल पांच लोग थे, कोई परिवार का बंदा साथ नहीं, कोई दोस्त नहीं था. हमारी केवल फोन पर परिवार से बात होती थी. लेकिन वहां के डॉक्टर, नर्स और आसपास का माहौल ऐसा था जैसे सभी लोग हमारे अपने हैं. यहां के डॉक्टर्स यानी पाकिस्तान के डॉक्टर्स तो ऐसे होते थे मानों हमने कोई गुनाह किया हो, बच्चे को हमने बीमार कर दिया हो. कई बार तो डॉक्टर्स ऐसी बातें करते थे कि मैं घंटों रोती थी कि ये क्यों ऐसा कह रहे हैं. खुदा न करे किसी को तकलीफ आए, लेकिन अगर आए तो आप जरूर इंडिया जाकर इलाज कराएं. वहां के डॉक्टर्स और नर्स ऐसे होते थे कि अमार (महिला का बेटा) को कोई तकलीफ होती थी तो उनकी भी आंखों में आंसू होते थे.
सब सियासी खेल, मोहब्बत दोनों तरफ से है, बोली महिला
आगे महिला कहती है कि ये सब बातें बनाई गई हैं. ये सब सियासी खेल है कि वहां के लोग दुश्मन हैं. बहुत मोहब्बत है वहां के लोगों में यहां के लोगों के लिए. हमने उस मोहब्बत को कुछ और ही रंग दिया हुआ है. मेरा एक्सपीरियंस तो बहुत प्यारा था. महिला भारत की तारीफ करते हुए और भी कई सारी बातें कहती है. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और लोग इसे लेकर अलग अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
यह भी पढ़ें: Little Girl Viral Video: आर्मी यूनिफॉर्म में आतंकी मारने की जिद, बच्ची का वीडियो वायरल
यूजर्स ने दीं अलग अलग प्रतिक्रियाएं
वीडियो को सोशल मीडिया पर ramnam.666 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है तो वहीं कई लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है. ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स वीडियो को लेकर तरह तरह के रिएक्शन दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा…सब सियासी खेल है, मोहब्बत जिंदाबाद. एक और यूजर ने लिखा…आप मेहमान थे इसलिए आपके साथ ऐसा हुआ, वरना हमारे साथ वही होता है जो पाकिस्तान में आपके डॉक्टर्स आपके साथ करते हैं. तो वहीं एक और यूजर ने लिखा…पैसे वालों की अस्पताल में इज्जत है, लेकिन गरीबों के लिए हर जगह एक ही हाल है.
यह भी पढ़ें: Water Tank Collapse: अचानक भरभराकर गिरी पानी की टंकी, वीडियो देख दहल जाएगा दिल
