मथुरा के सपा नेता राजन राजवी को कोतवाली पुलिस ने रविवार (27 सितंबर) को अलीगढ़ से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार राजन राजवी के खिलाफ एक महिला बैंककर्मी की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही थी.
बताया जा रहा है कि रविवार को पुलिस टीम ने अलीगढ़ पहुंचकर राजन राजवी को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें मथुरा लेकर आई और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की.
महिला बैंककर्मी ने दर्ज कराई थी शिकायत
महिला बैंककर्मी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में लगाए गए आरोपों को लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी और धाराओं का आधिकारिक विवरण सामने आना बाकी है.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. राजन राजवी की गिरफ्तारी की सूचना के बाद राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है. इसको लेकर विवाद बढ़ने की पूरी आशंका है.
महिला को सपा नेता ने किए मैसेज
बताया जा रहा है कि सपा नेता की गिरफ्तारी महिला को मैसेज करने को लेकर हुई है. महिला का आरोप है कि सपा नेता ने चैट के दौरान कुछ ऐसी बात कही जिसका उसने विरोध किया. हालांकि सपा नेता ने इस पर माफी मांगी. इसके बाद महिला को लालच देने की भी कोशिश की. सपा नेता ने कहा कि इस बार सरकार बनने जा रही है. सरकार आते ही मुख्यमंत्री कोटे से आईएएस बनवा देंगे.
महिला ने विरोध जताते हुए इसकी शिकायत पुलिस में की. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सपा नेता की तलाश शुरू कर दी थी. सूचना के आधार पर पुलिस ने सपा नेता को दबिश देकर अलीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस द्वारा इस मामले को लेकर उससे पूछताछ की जा रही है.
UP में बारिश का कहर जारी, इन जिलों में स्कूलों की छुट्टी का ऐलान
