सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स हासिल करने के लिए अपनी रईसी और सोने-चांदी का दिखावा करना तमिलनाडु के एक मशहूर यूट्यूबर को बहुत भारी पड़ गया. कन्याकुमारी के नागरकोइल के पास रहने वाले यूट्यूबर के घर में रात के अंधेरे में घुसे चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है.
चोर उनके घर से करीब 118 सवरेन सोना और भारी मात्रा में कैश साफ कर रफूचक्कर हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और अब सोशल मीडिया पर लोग इसे ‘शो-ऑफ’ की कड़वी सीख बता रहे हैं.
घर का पिछला दरवाजा तोड़कर घुसे शातिर चोर
यह सनसनीखेज मामला थम्पाथुकोनम स्थित वीआईपी गार्डन इलाके का है, जहां मशहूर यूट्यूबर विनोद कुमार अपनी पत्नी मधुमिता के साथ रहते हैं. रात के समय जब परिवार बेखबर सो रहा था, तभी अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया. चोरों ने बड़ी ही चालाकी से घर का पिछला दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद उन्होंने घर में रखे करीब 1 किलो के आसपास के सोने के गहने और कैश समेटा और बिना किसी को भनक लगे मौके से फरार हो गए. सुबह जब परिजनों को चोरी का पता चला, तो उनके होश उड़ गए.
जांच में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे हैं सीसीटीवी फुटेज
चोरी की सूचना मिलते ही राजाक्कमंगलम थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस की फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य सबूत जुटाए हैं. इसके साथ ही पुलिस यूट्यूबर के घर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को ध्यान से खंगाल रही है, ताकि चोरों के आने और जाने के रास्तों का सुराग मिल सके. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरों ने इस सुनियोजित वारदात को कैसे अंजाम दिया.
यूट्यूब पर सोना और कैश दिखाना बना चोरी की वजह?
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब पुलिस ने यूट्यूबर दंपत्ति के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की जांच शुरू की. यूट्यूबर विनोद और उनकी पत्नी अक्सर अपने वीडियोज में भारी-भरकम सोने के गहने पहनकर और नोटों की गड्डियां दिखाकर रील बनाया करते थे. पुलिस को अंदेशा है कि चोरों ने उनके इन्हीं वीडियोज को देखकर घर में रखे कीमती सामान का अंदाजा लगाया और फिर पूरी प्लानिंग के साथ चोरी की इस बड़ी घटना को अंजाम दिया.
यह भी पढ़ें: बप्पा की भक्ति में डूबी तेलंगाना पुलिस, विसर्जन के दौरान लगाए ठुमके; देखें वीडियो
शो-ऑफ करने वालों के लिए बड़ी चेतावनी
इस वारदात ने सोशल मीडिया पर दिखावा करने वाले इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूबरों के लिए एक बड़ी चेतावनी जारी कर दी है. इंटरनेट पर अपनी धन-दौलत का प्रदर्शन करना कई बार अपराधियों को सीधा न्योता देने जैसा साबित हो जाता है. सोशल मीडिया पर यह खबर सामने आते ही लोग जमकर कमेंट्स कर रहे हैं कि व्यूज के चक्कर में सुरक्षा को दांव पर लगाना कितना खतरनाक हो सकता है. फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: चलती ट्रेन के एसी कोच में शीशा तोड़ अंदर घुसा पत्थर, होश उड़ा देगा वीडियो
