‘बिग बॉस 17’ फेम अनुराग डोभाल की गिरफ्तारी के बाद अब उनसे अलग रह रही उनकी पत्नी रितिका चौहान ने इस पूरे मामले पर अपनी बात रखी है. दरअसल, देहरादून में अनुराग और उनके साथियों पर रितिका के चचेरे भाई राज सिंह चौहान के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था.
राज की शिकायत के बाद पुलिस ने अनुराग समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया था. अब इस घटना के बाद रितिका ने सोशल मीडिया पर एक के बाद एक कई वीडियो शेयर किए हैं. इन वीडियोज में रितिका ने अनुराग पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
रितिका ने लगाए कई आरोप
रितिका ने दावा किया है कि उन्होंने उनके परिवार पर पहले भी हमला किया गया है. रितिका ने ये डर जाहिर किया है कि उनके पति अनुराग फिर से उनके साथ ऐसा कर सकते हैं. उन्होंने ये भी आशंका जताई कि अनुराग उनके बच्चे को उनसे दूर करने की कोशिश कर सकते हैं.
रितिका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए वीडियोज में कई आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा, ‘मेरा भाई राज सिंह चौहान शूट से आ रहा था और 25 – 30 लड़कों ने उसे घेर जबरदस्ती कार में बैठाया और उनके साथ मारपीट की. उनकी पीठ पर चोट के बुरे निशान हैं’
एक वीडियो में रितिका ने अपने परिवार के साथ पहले हुई कथित घटनाओं का जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, ‘अनुराग ने मुझ पर और मेरी मां पर भी हाथ उठाया था और हमारे पालतू जानवर रियो को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी.’ हालांकि, इन सभी आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है.
रितिका बोलीं, ‘मेरे पेट को नहीं छोड़ा वो मेरे बच्चे को छोड़ेगा?’
उन्होंने अनुराग के लिए कहा, ‘ये दिखाते हैं ये पेट लवर हैं, इन्होंने रियो को थर्ड फ्लोर से पकड़कर मुझे धमकी दी थी कि सॉरी बोल वरना इसको यहां से फेंक दूंगा. एक बार उसने अपने इतने बड़े फुटबॉल शूज से रियो को किक भी किया था. उसने मेरे पेट को नहीं छोड़ा वो मेरे बच्चे को छोड़ेगा?’
इसके बाद उन्होंने कहा, ‘जब कुछ गलत हो जाएगा तब आप सब मिलके मेरे साथ जस्टिस मांगोगे, लेकिन उस दिन मैं जस्टिस का क्या करूंगी.’
अनुराग के दावे पर भी उठाए सवाल
रितिका ने इस मामले में अनुराग की तरफ से सामने आए दावों पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा, ‘अनुराग अब भी ये दिखाना चाहता है कि पहले उन पर हमला हुआ था, लेकिन अनुराग के चहरे पर एक भी खरोंच दिखाई नहीं दे रही है.’
रितिका के भाई राज सिंह चौहान ने भी पुलिस को दी शिकायत में अनुराग और उनके साथ मौजूद लोगों पर मारपीट के आरोप लगाए. राज का दावा है कि उनका फोन लेने की कोशिश की गई और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई. उन्होंने सिर, चेहरे और छाती पर लोहे की रॉड से चोट पहुंचाने का भी आरोप लगाया था.
वहीं, पुलिस का कहना है कि घटना के बाद मौके पर पहुंचने पर अनुराग और उनके साथ मौजूद लोगों को राज के साथ मारपीट करते हुए देखा गया. बाद में चौकी पर भी विवाद बढ़ने की स्थिति बनी, जिसके बाद अनुराग समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. मामले की जांच जारी है.
