स्मृति ईरानी ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ से टीवी पर कमबैक किया था. इससे पहले वो कई सालों तक टीवी से दूर रहीं, क्योंकि उस दौरान उनका पूरा ध्यान राजनीति पर था. धीरे-धीरे उनका राजनीतिक करियर इतना आगे बढ़ा कि वो केंद्र सरकार में मंत्री भी बनीं. लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से हार गई थी इसके बाद उन्होंने एक्टिंग से दूरी बनाने के बजाय फिर से टीवी की दुनिया में लौटने का फैसला किया. यहां तक कि काम पाने के लिए वो खुद लोगों से बात करने और काम मांगने के लिए भी तैयार थीं.
टीवी पर वापसी को लेकर स्मृति ईरानी ने किया खुलासा
टाइम्स नाउ से बातचीत में स्मृति ईरानी ने उस दौर को याद किया और बताया कि उन्होंने काम के मौके के लिए उदय शंकर को फोन किया था. कई साल बाद जब वो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के सेट पर वापस पहुंचीं, तो उनके लिए ये काफी अलग एक्सपीरियंस था.
खुद मांगा काम
स्मृति ईरानी किसी ऑफर का इंतजार करने के बजाय खुद काम मांगने के लिए आगे आईं. उन्होंने जिन लोगों को फोन किया, उनमें उदय शंकर भी शामिल थे. स्मृति ईरानी ने उस दौर को याद करते हुए कहा, ‘मैंने फोन उठाया और मीडिया और एंटरटेनमेंट में काम मांगा. मैंने कहा कि मैं बेरोजगार हूं, क्या आप मुझे कोई काम दे सकते हैं? वो वही शख्स थे, जिसकी वजह से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में मेरी नौकरी गई थी. और बाद में वही मेरी दोबारा वापसी की वजह भी बने.’
ये भी पढ़ेंः ‘हनुमान अंश’ 29वें दिन बनी बॉलीवुड की बिगेस्ट फिल्म, चटकाए ‘धुरधंर 2’ से ‘पुष्पा 2’ के रिकॉर्ड
स्मृति ईरानी के फोन ने उदय शंकर को हैरान कर दिया था. उन्हें इस बात पर हैरानी हुई कि एक समय केंद्रीय मंत्री रह चुकीं स्मृति अब उनसे काम मांगने के लिए फोन कर रही हैं. उन्होंने स्मृति से पूछा कि क्या उन्होंने सच में टीवी पर दोबारा काम करने का मन बना लिया है.
स्मृति ईरानी ने बताया कि उदय शंकर ने उन्हें ये भी समझाया था कि टीवी पर दोबारा काम करने के लिए उन्हें किन चीजों के लिए तैयार रहना होगा. स्मृति ईरानी ने कहा, ‘जो लोग इस काम को जानते हैं, उन्हें पता है कि आप 12 घंटे तक की शिफ्ट कर सकते हैं और इस काम से आप कभी पूरी तरह बाहर नहीं होते. इसलिए उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं सच में सेट पर एक कर्मचारी की तरह जाकर काम करने के लिए तैयार हूं. इसमें कोई बुराई नहीं है. मुझे लगता है कि सेट पर मौजूद हर कोई थोड़ा हैरान था. लोग सोच रहे थे कि मैं रोज की मजदूरी वाले काम में कैसे काम करूंगी?’
ये भी पढ़ेंः सीएम पुष्कर सिंह धामी का तोहफा, उत्तराखंड में ‘हनुमान अंश’ होगी टैक्स फ्री
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के बारे में
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ का प्रीमियर 29 जुलाई 2025 को स्टार प्लस पर हुआ था. ये शो जियोहॉटस्टार पर भी स्ट्रीम किया गया था. इस शो के साथ स्मृति ईरानी ने तुलसी विरानी के किरदार में छोटे पर्दे पर वापसी की. यही वो किरदार था, जिसने 2000 के दशक में उन्हें देशभर के घरों में एक जाना-पहचाना चेहरा बना दिया था.
